मृतक मां बेटी की (फाइल फोटो) उत्तरप्रदेशगोरखपुर मां-बेटी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या, जांच में जुटी पुलिस By Khulasa India News Desk Last updated Mar 30, 2025 222 गोरखपुर। चौरीचौरा के शिवपुर गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शनिवार देर रात 40 वर्षीय पूनम निषाद और उनकी 12 वर्षीय बेटी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ चल रही है। महिला के पति की मृत्यु हो चुकी है, चर्चा है कि गांव के एक उसकी नजदीकी थी, जिससे चार माह पहले विवाद होने पर मामला थाने पहुंचा था। इसी युवक पर हत्या करने का संदेह है। शनिवार रात करीब दो बजे अज्ञात हमलावर ने सीढ़ी के रास्ते घर में घुसकर पहले पूनम निषाद पर हमला किया और फिर उनकी बेटी को भी निशाना बनाया। हमले में पूनम निषाद की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बच्ची को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान रविवार की सुबह उसने भी दम तोड़ दिया। गांव के लोगों की माने तो पूनम निषाद का गांव के ही एक युवक से विवाद था। चार महीने पहले उन्होंने उक्त युवक पर शारीरिक शोषण और समूह से रुपये निकालवाकर हड़पने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत की थी। आरोप है कि पुलिस ने उस समय आरोपित युवक को छोड़ दिया था। प्रारंभिक जांच में इसी युवक पर हत्या का संदेह जताया जा रहा है।घटना की सूचना पाकर मौके पर एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने कई अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं। सर्विलांस और सीसी कैमरा फुटेज की मदद से भी गुत्थी सुलझाने की कोशिश चल रही है। इस घटना के बाद शिवपुर गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस स्वजनों, रिश्तेदारों और गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि किसी भी सुराग तक पहुंचा जा सके। एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार ने बताया कि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जल्द ही इस घटना की गुत्थी सुलझा ली जाएगी। अपराध 222 Share