गुरुग्राम में न्यू कालोनी में एक सनसनीखेज वारदात हुई। यहां एक 75 साल की बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। ये घटना रविवार रात की बताई जा रही है। मृतका की पहचान न्यू कॉलोनी निवासी मधु शर्मा के रूप में हुई है। मधु शर्मा रिटायर्ड शिक्षिका थी। वो न्यू कॉलोनी में मदर डेयरी के पास मकान नंबर 180 में अकेली रहती थी। मधु करीब 15 साल पहले रिटायर हुई थी। मधु के पति की 10 साल पहले ही मौत हो गई थी। जानकारी के अनुसार, एक चोर मधु के घर में चोरी के इरादे से घुसा। आरोपी मधु के बैग में कीमती सामान ढूंढ रहा था। इसी दौरान उन्होंने चोरी होते देख लिया और विरोध किया। फिर आरोपी ने महिला से 100 रुपयों की मांग की। इस पर महिला ने शोर मचाया। तब आरोपी ने उनको धक्का दे दिया। पड़ोसियों ने उनकी चीखें सुनी।
दो से तीन घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ा गया आरोपी
पड़ोसी बड़ी संख्या में उसके घर के आसपास इकट्ठा हो गए। पड़ोसियों क देख आरोपी महिला के घर की छत से दूसरे घर से नीचे उतरा और छिप गया. पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश शुरू की। करीब दो से तीन घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी की तलाश कर ली गई और उसको गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी का नाम सूरज गुप्ता है।
पूछताछ में कुबूल कर लिया अपना जुर्म
आरोपी मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर का निवासी है। पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि उसने गला दबाकर महिला की हत्या की। उसने बताया कि बताया कि वह निर्माणाधीन घरों में सरिया बांधने का काम करता है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला दबने से मौत की पुष्टि हुई है। आरोपी शायद एक ड्रग एडिक्ट है। वो कैश और कीमती सामान चुराने के लिए महिला के घर में घुस गया था।
न्यू कॉलोनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर आरोपी महिला के घर में किस तरह से दाखिल हुआ और हत्या के दौरान वास्तव में क्या-क्या हुआ?