गर्लफ्रेंड से झगड़े के बाद ट्रेन के आगे कूदा किशोर: सुसाइड से पहले लगाया स्टेटस- इन्जॉय योर लाइफ
कानपुर में गर्लफ्रेंड से अनबन के बाद 17 साल के किशोर ने ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड कर लिया। दादा नगर स्थित फैक्ट्री में काम करने वाला किशोर दुकान जाने की बात कहकर रविवार शाम घर से निकला था, जिसके बाद देर रात गुजैनी में रेलवे ट्रैक पर उसका शव पड़ा मिला। सुसाइड करने से पहले रात 10:25 बजे उसने टूटे दिल की इमोजी के साथ स्टेट्स लगाया… जिसमें लिखा था इन्जॉय योर लाइफ।
प्रेमिका से झगड़े के कारण 10 दिनों से था परेशान
मेहरबान सिंह का पुरवा निवासी मुन्ना गुप्ता ने बताया कि परिवार में पत्नी सुनीता दो बेटे रवि, सौरभ (17) व बेटी रूबी है। सौरभ दादा नगर स्थित फैक्ट्री में काम करता था। उसका इलाके में ही रहने वाली एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच कुछ दिनों से अनबन चल रही थी, जिस कारण वह करीब 10 दिनों से परेशान चल रहा था। रविवार शाम करीब 6 बजे वह किराने का सामान लाने की बात कहकर घर से निकला था।
इसके बाद देर रात तक नहीं लौटा, परिजनों ने खोजबीन शुरू की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बहन रूबी ने बताया कि प्रेमिका से झगड़ा होने के चलते मोबाइल में कुछ स्टेट्स लगाए थे, जिसमें लिखा था कि किसी को प्यार करो तो ऐसे करों कि आपको मिले या न मिले… लेकिन उसको आपकी मोहब्बत हमेशा याद रहे… इसके बाद रात 10:25 पर उसने एक और स्टेट्स लगाया, जिसमें लिखा था इन्जॉय योर लाइफ…।
स्टेट्स लगाने के बाद सौरभ ने गुजैनी के ब्लॉक से गुजरे रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूद कर जान दे दी। देर रात घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को जानकारी देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थाना प्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।