शोरूम से 4 करोड़ के आभूषण ले उड़े चोर: पुलिस ने एक को देर रात दबोचा, सेल्समैन ने जन्मदिन पार्टी में रची साजिश
गाजियाबाद की कविनगर पुलिस ने आरडीसी स्थित एक ज्वेलरी शोरूम में चोरी करने वाले एक बदमाश को देर रात गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार बदमाश के नाम चितरंजन और चींटू निवासी मुरादनगर है। हालांकि मुख्य आरोपी सेल्समैन नितिन वर्मा घटना के पांच दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उधर, ऑडिट में शोरूम की ओर से अभी तक चोरी गए आभूषणों का ब्यौरा नहीं दिया गया है। पुलिस के अनुसार, सेल्समैन नितिन और चितरंजन ने चार करोड़ रुपए से अधिक कीमत के आभूषण चोरी किए हैं। पुलिस आज इस मामले का खुलासा करेगी।
शुक्रवार को हुए सोने-चांदी के आभूषण चोरी
राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर (आरडीसी) स्थित एक ज्वेलरी शोरूम में शुक्रवार सुबह करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वालों में शोरूम का एक सेल्समैन भी शामिल था। सीसीटीवी फुटेज में वह अपने एक साथी के साथ चोरी करते दिखाई दिया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की।
चोरी से पहले दी जन्मदिन की पार्टी
एसीपी ने बताया कि शोरूम प्रबंधक के अनुसार, आरोपी नितिन ने करीब एक माह पहले पांच मई को शोरूम में नौकरी शुरू की थी। उसका पुलिस सत्यापन भी कराया गया था और कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया था। शोरूम स्टाफ के मुताबिक, नितिन ने तीन दिन पहले अपना जन्मदिन होने की बात कहकर बृहस्पतिवार रात आरडीसी के एक ढाबे पर पार्टी दी थी। पार्टी में शोरूम का पूरा स्टाफ और सुरक्षाकर्मी भी शामिल हुए थे।