उत्तरप्रदेशमुरादाबाद ठंड से बचने के लिए परिवार ने घर में जलाई अंगीठी, सुबह मृत मिले भाई-बहन,माता-पिता और एक भाई की हालत गंभीर By Pratibha Rajdar Last updated Jan 17, 2026 238 यूपी के मुरादाबाद स्थित छजलैट में ठंड से बचने के लिए कमरे में जलाई अंगीठी एक परिवार के दो मासूमों के लिए काल बन गई। अंगीठी के धुएं से दम घुटने पर आहिल (4) और उसकी बहन आयरा (3) की मौत हो गई। बच्चों के माता-पिता और एक भाई की हालत गंभीर है। निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। जावेद ने कोयले की अंगीठी जलाकर कमरे रखी थी जावेद मुरादाबाद-हरिद्वार रोड पर पेट्रोल पंप के पास चाय की दुकान चलाते हैं। दुकान के पीछे कुछ दूरी पर उनका घर है। परिजनों के अनुसार गुरुवार की रात करीब 11:00 बजे जावेद (35) पत्नी शाहिस्ता (32), बेटे शिफान (6), आहिल (4) और बेटी आयरा (3) के साथ घर के कमरे में सोए थे भीषण ठंड से बचाव के लिए कोयले की अंगीठी जलाकर कमरे में रख ली थी। आमिर खान ने खटखटाया था दरवाजा जावेद के कमरे का दरवाजा शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे तक नहीं खुला तो बराबर के कमरे में सो रहे जावेद के भतीजे आमिर खान और साले सलाउद्दीन ने दरवाजा खटखटाया। कुछ देर बाद जावेद ने लड़खड़ाते कदमों से दरवाजा खोला। वह अर्धचेतन स्थिति में थे। भतीजे ने कमरे में जाकर देखा तो भीतर कोयले के धुएं की गंध भरी थी। बेड पर पड़ी थी मां और तीन बच्चे कमरे में जावेद की पत्नी व तीनों बच्चे बेड पर बेहोश पड़े थे। परिजनों ने लोगों की मदद से जावेद, उनकी पत्नी, बेटी और दोनों बेटे को छजलैट के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सक ने आहिल और आयरा को मृत घोषित कर दिया। जावेद, शाहिस्ता व शिफान का इलाज चल रहा है। समाचार 238 Share