‘डोल मेला’ में दूसरी संदिग्ध मौत: शिव बना कलाकार अचानक गिरा फिर उठ नहीं पाया
कुशीनगर। जिले के तमकुहीराज में रक्षाबंधन से ही ‘डोल मेला’ चल रहा है। मेले में दूसरी संदिग्ध मौत से प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बुधवार को मंच पर काम करने वाले युवा कलाकार की मौत के बाद आयोजन बंद कराया जा सकता है। इससे पहले मंगलवार को भी एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला था, जिसकी पहचान कराई जा रही है। वहीं, कलाकार के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा, जिससे मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।जानकारी के मुताबिक, तमकुहीराज के बेलवा निवासी रामबहाल निषाद (23) पुत्र गिरधारी मंच पर शिव बनकर सांस्कृतिक कार्यक्रम कर रहा था।
इसी दौरान वह अचानक लड़खड़ाकर गिर जाता है। कुछ लोग उसे संभालते हुए कुर्सी पर बैठाते हैं। इसके बाद उसे स्थानीय सीएचसी ले जाया जाता है, जहां डॉक्टर रामबहाल को मृत घोषित कर देते हैं। बताया जा रहा है, कि मृतक को हार्ट अटैक आया था। वहीं कुछ लोगों का दावा है, कि करंट से मौत हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को जानकारी देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट मिलने पर मौत की वजह स्पष्ट हो जाएगी।
तीन भाइयों में सबसे छोटा था रामबहाल।
थाना तमकुहीराज इंस्पेक्टर सुशील शुक्ला ने बताया कि मृतक रामबहाल निषाद पुत्र गिरधारी तीन भाईओ में सबसे छोटा था। बड़ा भाई किसी दूसरे प्रदेश में मजदूरी करता है। मृतक का मंझला भाई दिव्यांग है। उसका एक ही हाथ है और वह कारपेंटर है। दोनों भाइयों की शादी हो चुकी है। सबसे छोटा रामबहाल था, जिसकी शादी नही हुई थी। इसके पिता राजमिस्त्री का काम करते हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम ग्रुप से जुड़ा।
स्थानीय लोगों की मानें तो रामबहाल निषाद के परिवार को कोई सरकारी सुविधा नहीं मिली है। आवास और शौचालय तक नहीं मिला है। गरीब परिवार की वजह से ही राम बहाल पिछले 10 साल से सांस्कृतिक कार्यक्रमों के एक ग्रुप से जुड़कर काम करने लगा। वह सांस्कृतिक कार्यक्रम में शिव बनता था। 10वीं तक पढ़ाई के बाद उसने पढ़ना छोड़ दिया और कलाकार बनकर काम करने लगा। वह हरिओम हिंदुस्तानी ग्रुप का कलाकार था। इस ग्रुप में 20 से ज्यादा लोग काम करते हैं। साथ काम करने और गांव के लोगों ने बताया कि रामबहाल का व्यवहार सभी से अच्छा था।
मंगलवार को भी हुई संदिग्ध मौत।
जानकारी के मुताबिक तमकुहीराज सीएचसी के पास एक 50 वर्षीय व्यक्ति मंगलवार रात को अज्ञात अवस्था में पड़ा मिला। सूचना के बाद पहुंची पुलिस जब उसे लेकर सीएचसी पहुंची, तो वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मृतक की पहचान कराने की कोशिश कर रही है। बताया जा रहा है, कि मेले में तेज आवाज में डीजे बजाया जाता है, जिसकी वजह से दोनों को हार्ट अटैक की आशंका जताई गई है।