पति को प्रेमिका संग देख भड़की पत्नी, कार के बोनट पर चढ़ी, बीच सड़क पर चला हाई वोल्टेज ड्रामा
उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक महिला ने अपने पति को उसकी कथित प्रेमिका के साथ देख लिया, जिसके बाद जमकर हंगामा हुआ। महिला ने पति की कार रोकने की कोशिश की, लेकिन जब पति ने कार नहीं रोकी तो महिला बोनट पर चढ़ गई। महिला का आरोप है कि पति ने इसके बाद भी कार नहीं रोकी और वो पांच किलोमीटर तक बोनट पर लटकी रही।
इस दौरान चीख-पुकार मच गई। लोहिया नगर इलाके में काशीराम कॉलोनी के पास लोगों ने कार रुकवाई। आरोप है कि कार रुकने के बाद भी पति ने अपनी पत्नी को पीटा। जानकारी के अनुसार, काजीपुर के रहने वाले युवक की शादी 15 साल पहले महिला से हुई थी। दंपत्ति के दो बच्चे है। शनिवार को महिला अपने बेटे के साथ स्कूटी पर हापुड़ रोड गई थी। इसी दौरान उसने अपने पति की कार को देखा।
सड़क पर हंगामा शुरू हो गया
महिला ने कार में पति के साथ एक लड़की को बैठे देखा और कार को रोकने की कोशिश की। साथ ही विरोध करने लगी। इसके बाद विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते सड़क पर हंगामा शुरू हो गया। आरोप है कि महिला की कार रोकने की कोशिश के बाद भी उसका पति कार दौड़ाता रहा। करीब पांच किलोमीटर तक महिला कार से लटकी रही।
घटना के बाद पीड़ित महिला ने लोहिया नगर थाने में पति और उसके साथ मौजूद युवती के खिलाफ तहरीर दी। महिला ने दोनों पर हत्या की कोशश, मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए है। उसने एक वाीडियो भी पुलिस को दिया है, जोकि घटना से संबंधित बताया जा रहा है। वहीं तहरीर मिलने के बाद पुलिस की ओर से मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मामले में पुलिस की ओर से क्या कहा गया?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मेरठ के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि एक वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है, जिसमें एक महिला कार के बोनट पर लटकी नजर आ रही है। मामला पारिवारिक विवाद का है। पुलिस को जो तहरीर मिली है, उसके आधार पर मामले की कार्रवाई की जी रही है।