पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर महिला ने काटी नस; खुद को बताया अधिकारी की पत्नी
सहायक जेल अधीक्षक आदित्य कुमार पर पत्नी मानने से इनकार और घर से बेदखल करने का आरोप लगाने वाली अमृता कुमारी ने SP कार्यालय में अपनी कलाई काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। महिला तीन दिनों से न्याय की गुहार लगा रही थी। समस्तीपुर के दलसिंहसराय उपकारा के सहायक जेल अधीक्षक आदित्य कुमार की कथित पत्नी अमृता कुमारी ने न्याय न मिलने से आहत होकर शनिवार को समस्तीपुर एसपी कार्यालय के बरामदे में अपनी कलाई की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया।
घायल अवस्था में उन्हें महिला पुलिस ने तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अमृता कुमारी, जो नवादा जिले की रहने वाली हैं और दो बच्चों की मां हैं, पिछले तीन दिनों से लगातार एसपी अरविंद प्रताप सिंह के जनता दरबार में अपनी शिकायत लेकर पहुंच रही थीं। उन्हें पिछले दो दिनों से रात में वन स्टेप गृह में ठहराया जा रहा था। शनिवार को भी वह अपने दोनों बच्चों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचीं, पर मुलाकात नहीं हो पाई। इसके बाद उन्होंने ब्लेड से अपनी बाईं कलाई की नस काट ली।