नैनीताल में स्कॉर्पियो खाई में गिरी, 3 महिलाओं की मौतः बैरियर तोड़ते हुए 200 फीट नीचे गिरी; यूपी का परिवार कैंची धाम जा रहा था
उत्तराखंड के नैनीताल में गुरुवार को पर्यटकों से भरी यूपी नंबर की स्कॉर्पियो 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। जिसमें गाड़ी सवार युवक की मां-पत्नी और साली की मौत हो गई है। जबकि कार में सवार अन्य 6 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। भवाली पुलिस ने तीनों महिलाओं की मौत की पुष्टि करते हुए बताया है कि हादसा भवाली-अल्मोड़ा नेशनल हाईवे पर सुबह साढ़े 9 बजे के आसपास हुआ है। जानकारी के मुताबिक, ड्राइवर को नींद की झपकी आने से हादसा हुआ।
हादसे के बाद राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी थी, जिसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने स्थानीय लोगों ने साथ मिलकर गाड़ी में फंसे लोगों का रेस्क्यू किया। घायलों को एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी सीएचसी सेंटर भेजा गया, कुछ घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल में रेफर किया गया है। यहां से तीन घायलों को बरेली ले जाया गया। सभी घायल यूपी और गुजरात के रहने वाले हैं। ये लोग सुबह कैंची धाम में दर्शन के लिए जा रहे थे, लेकिन धाम से करीब 5 किलोमीटर पहले ही हादसा हो गया। पुलिस के मुताबिक कार में सवार सभी लोग आपस में रिश्तेदार थे।