प्रयागराज शौच के बहाने निकली दुल्हन प्रेमी संग फरार, इंतजार करते रहे बराती By Khulasa India News Desk Last updated May 10, 2025 339 सुल्तानपुर से विदाई के बाद कौशाम्बी लौट रही एक बरात के साथ रही वधू लघुशंका का बहाना बनाकर वाहन से उतरी और अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। इस दौरान बराती करीब एक घंटे तक मऊआइमा फोरलेन हाईवे पर उसका इंतजार करते रहे। कौशाम्बी से एक बरात बृहस्पतिवार को सुल्तानपुर गई थी। वधू का किसी और से प्रेम प्रसंग था, जिसके चलते वह जयमाल और सात फेरों के लिए तैयार नहीं थी। हालांकि, परिजनों के दबाव में आकर वह तैयार हो गई, जिसके बाद सभी रस्में पूरी कराई गईं। शुक्रवार को विदाई के समय भी वधू ने जमकर ड्रामा किया। हालांकि, समझा बुझाकर उसकी विदाई करा दी गई। वर-वधू कार से कौशाम्बी के लिए निकले और साथ ही अन्य बरातियों के वाहन भी चलते रहे। वर-वधू की कार मऊआइमा फोरलेन हाईवे स्थित गणेशगंज के पास पहुंची तो वधू ने लघुशंका की बात कही। इसपर वर ने एक बोतल में पानी देकर उसे थोड़ी दूर पर स्थित झाड़ियों की ओर भेज दिया। बताते हैं कि लघुशंका के बहाने गई वधू एक घंटे तक नहीं लौटी। बिना दुल्हन के लौटी बरात… इसके बाद वर और उसके दोस्तों ने झाड़ियों में तलाश की लेकिन वधू का कहीं पता नहीं चला। पास में पशुओं को चरा रहे ग्रामीणों से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि बाइक पर एक दुल्हन बैठकर प्रतापगढ़ की ओर गई है। इसकी जानकारी फोन कर सुल्तानपुर निवासी वधू पक्ष को दी गई, जिसके बाद उन्होंने अपने फोन बंद कर लिए। कुछ बरातियों ने रामफल इनारी पुलिस चौकी पहुंच कर घटना की जानकारी पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने ध्यान नहीं दिया और वधू के परिजनों से बात करने के लिए कहा। इसके बाद बराती बिना दुल्हन के ही कौशाम्बी लौट गए। बताते हैं कि जिस स्थान से वधू भागी, वह काफी सुनसान है और मऊआइमा-प्रतापगढ़ सीमा क्षेत्र में आता है। इंस्पेक्टर मऊआइमा पंकज अवस्थी ने ऐसे किसी मामले की जानकारी से इन्कार किया है। मेजा में घर से भागे प्रेमी जोड़े ने मंदिर में रचाई शादी, देखती रह गई पुलिस… मेजा से दो रोज पहले घर से भागे प्रेमी जोड़े ने मंदिर में शादी रचा लिया। दोनों बालिग हैं। जेवनिया चौकी इंचार्ज मनोज कुमार ने बताया कि मदरा की युवती मांडा के दसवार के निखिल के साथ दो रोज पहले घर से भागी थी। उसकी खोजबीन की जा रही थी लेकिन प्रेमी जोड़े ने एक मंदिर में शादी रचा लिया। समाचार 339 Share