उत्तरप्रदेशप्रयागराज प्रयागराज में दो गुटों में जमकर मारपीट:मटकी फोड़ प्रतियोगिता में जमकर बवाल,लात-घूंसे और थप्पड़ बरसाए, प्रोग्राम कैंसिल By Pratibha Rajdar Last updated Sep 6, 2026 28 प्रयागराज के मुट्ठीगंज में शनिवार रात मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कार्यक्रम के बीच युवकों के दो गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई। युवकों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे और थप्पड़ बरसाए। दोनों गुटों के बीच सड़क पर काफी देर तक मारपीट होती रही। इससे कार्यक्रम में मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना राम भवन चौराहे के पास की है। यहां शनिवार रात मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी को मुख्य अतिथि के रूप में बुलाया गया था। प्रतियोगिता के लिए करीब 30 से 35 फीट की ऊंचाई पर मटकी बांधी गई थी। इसे फोड़ने वाली टीम के लिए नकद पुरस्कार भी रखा गया था । हजारों की भीड़ के बीच शुरू हुआ विवाद मटकी फोड़ प्रतियोगिता देखने के लिए आसपास के इलाके से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। देर रात कार्यक्रम चल ही रहा था, इसी दौरान युवकों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। दोनों गुटों के युवक एक-दूसरे पर टूट पड़े। किसी ने थप्पड़ मारे तो किसी ने लात-घूंसे चलाए। मारपीट के दौरान युवक एक-दूसरे को दौड़ाकर पीटते नजर आए। अचानक हुए इस बवाल से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर हटने लगे और कुछ देर के लिए प्रतियोगिता भी प्रभावित हुई। पुलिस पहुंची तो उसके सामने भी नहीं थमी मारपीट बवाल की सूचना मिलने पर मुट्ठीगंज पुलिस मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुलिसकर्मियों के पहुंचने के बाद भी कुछ युवक मारपीट करते रहे। बताया जा रहा है कि विवाद में शामिल कुछ युवक नशे की हालत में थे। पुलिस ने स्थिति संभालने के बाद कुछ युवकों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। हालांकि, मामला थाने पहुंचने के बाद किसी भी पक्ष ने पुलिस को लिखित तहरीर नहीं दी। दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौते की बात सामने आने के बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए युवकों को थाने से छोड़ दिया। पुलिस बोली, किसी पक्ष ने नहीं की शिकायत मुट्ठीगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ युवकों को थाने लाया गया था। किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई। दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया, जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया। समाचार 28 Share