पति ने चाकू से वारकर की सात माह की गर्भवती पत्नी की हत्या, फिर खुद ही पुलिस को किया फोन
मेरठ के गंगानगर थाना क्षेत्र के अमहेड़ा गांव में सात माह की गर्भवती महिला की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। सपना(22) की उसके पति रवि शंकर ने धारदार चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर वारदात की सूचना दी। सपना मूल रूप से लिसाड़ी गेट के जाटव गेट की रहने वाली थी और बीते 20 वर्षों से अपनी बहन पिंकी की ससुराल अमहेड़ा गांव में रह रही थी। जनवरी 2025 में सपना की शादी रविशंकर से हुई थी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। करीब पांच माह से सपना अपनी बहन के घर पर ही रह रही थी। शनिवार सुबह रवि उससे मिलने पहुंचा, और बातचीत के बहाने घर के सभी दरवाजे बंद कर दिए।
इसके बाद पहली मंजिल पर उसने सपना पर चाकू से कई वार किए। घटना के समय अन्य परिजन नीचे मौजूद थे, लेकिन दरवाजा बंद होने के कारण वे अंदर नहीं जा सके। विवाहिता की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी और परिवार वाले दौड़े, लेकिन बहुत देर हो चुकी थी। घटना के बाद आरोपी रवि ने खुद पुलिस को फोन कर हत्या की सूचना दी। सूचना मिलने पर सीओ सदर देहात और गंगानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की, जहां कमरे में चारों ओर खून फैला हुआ था। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।