संत प्रेमानंद जी महाराज के लिए मुस्लिम युवक ने मांगी दुआ: सम्मान और आदर स्वरूप कहा ‘इंसानियत ही सबसे बड़ी है।’
संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य को लेकर इन दिनों खूब चर्चाएं हैं। ऐसे में एक मुस्लिम युवक का पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें इस युवक ने संत के अच्छे स्वास्थ्य के लिए मदीना में दुआ मांगी है। वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य को लेकर प्रयागराज के सुफ़ियान अल्लाहबादी ने मदीना में दुआ मांगी। सुफ़ियान ने एक वीडियो भी जारी किया, जिसमें वो कह रहे हैं कि ‘क्या हिंदू क्या मुसलमान, इंसानियत सबसे बड़ी है।’
सुफ़ियान के इस पोस्ट ने हलचल मचा दी है। मदीना शरीफ की पवित्र मस्जिद में पहुंचे प्रयागराज के रहने वाले सुफ़ियान अल्लाहबादी ने संत के लिए दुआ की। वे दुआ मांगते है कि ‘हे अल्लाह, भारत के महान संत प्रेमानंद महाराज को शीघ्र स्वस्थ करें, ताकि वे अपने भक्तों का मार्गदर्शन जारी रख सकें।’ इस दौरान सुफ़ियान ने अपने मोबाइल पर संत का फोटो दिखाते हुए कहा कि संत प्रेमानंद की तबीयत के बारे में खबर मिलने पर वे चिंतित हैं और उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। इतना ही नहीं सुफियान ने आगे ये भी कहा कि संत प्रेमानंद बहुत अच्छे इंसान हैं। उन्होंने कहा कि कोई हिंदू हो या फिर मुसलमान, उससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। जरूरी ये है कि इंसान अच्छा हो और सच्चा। सुफियान का ये वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को लोगों द्वारा तमाम सोशल मीडिया प्लेटफोर्म पर वायरल किया जा रहा है।