मृतका की (फाइल फोटो) अपराध एक साल की शादी का खतरनाक अंत,पत्नी को मारकर बेड के नीचे छिपाई लाश By Pratibha Rajdar Last updated Oct 29, 2025 149 बरेली के नवाबगंज में प्रेम विवाह के एक साल बाद ही पति ने मंगलवार को गला रेतकर पत्नी की हत्या कर दी। घर के बाहर ताला लगाकर घटना को लूट दिखाने की कोशिश की। सूचना पर पहुंची पुलिस को कमरे में बेड के नीचे शव और पास ही रक्तरंजित हंसिया पड़ा मिला। रात में मायके वालों की तहरीर व घटनास्थल की जांच के बाद पुलिस ने पति व देवर समेत पांच लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है। पति व देवर हिरासत में हैं। हाफिजगंज क्षेत्र के कमुआ गांव निवासी अनिल ने पिछले साल नवंबर में अनीता (21) से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद वह पीलीभीत हाईवे पर हरदुआ गांव के सामने ओम सिटी में परिवार के साथ रहने लगा। घटना के बाद मौके पर पहुंचे एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने अनिल से पूछताछ की। उसने बताया कि घर में पत्नी अनीता व उसका (अनिल का) छोटा भाई सचिन साथ रहते थे। वह ट्रैक्टर से मिट्टी ढुलाई, जबकि सचिन मेडिकल स्टोर पर नौकरी करता है। मंगलवार सुबह दोनों भाई काम पर निकल गए थे। इस बीच किसी ने घर में घुसकर अनीता की गला रेतकर हत्या कर दी। शाम को दोनों लौटे तो घर में ताला लगा देखा। अनीता का मोबाइल नंबर बंद था। अनीता का पता नहीं चला तो ताला तोड़कर अंदर घुसे, बेड के पास जमीन पर पत्नी का शव पड़ा देखा। एसपी उत्तरी की पूछताछ के दौरान ही अनीता के भाई चंद्रपाल ने बहनोई अनिल, बहन के देवर सचिन व सास-ससुर समेत पांच लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाकर तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर पति व देवर को हिरासत में ले लिया। एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति मुख्य आरोपी प्रतीत हो रहा है। घटना किस वजह से की गई इसकी जानकारी के लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। हकीकत जल्द ही सामने आएगी। भाई की साली से की थी शादी, एक साल में ही भर गया मन अनीता की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अनीता रिश्ते में अनिल के फुफेरे भाई की साली थी। पिछली साल नवंबर में परिवारों की सहमति से उनकी शादी कर दी गई। जांच में कई ऐसे तथ्य मिले, जिससे लगा कि प्रेम विवाह का एक साल पूरा होने से पहले ही अनिल पत्नी अनीता से उकता गया था। मायका पक्ष का आरोप है कि उसका किसी और महिला से भी संबंध थे, अनीता विरोध करती थी। अब पुलिस खुलासे में इन तथ्यों को सार्वजनिक करेगी। एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक शादी से पहले करीब चार साल से दोनों संपर्क में थे। पिछली साल नवंबर में परिवारों की सहमति से उनकी शादी कर दी गई। दोनों का पैतृक गांव पास में ही है। अनीता के परिजन कस्बे के मोहल्ला बालाजीपुरम में घर बनाकर रहने लगे तो अनिल ने भी कस्बे से सटी कॉलोनी में घर बनाकर पत्नी व भाई को रख लिया था, बाकी परिवार अभी गांव में रहता है। सूत्रों के मुताबिक अनिल का कहीं प्रेमप्रसंग था जिसका अनीता विरोध करती थी। सास ने दोपहर में की कॉल पर नहीं आया अनिल ससुरालवालों से पुलिस को पता लगा कि दोपहर दो बजे करीब अनीता का फोन रिसीव न होने पर उसकी मां ने दामाद अनिल को कॉल की थी। कहा कि अनीता का फोन रिसीव नहीं हो रहा है। सामान्य दिनों में अनिल काम के बीच में घर के तीन से चार चक्कर लगाता था, लेकिन सास की बात सुनने के बाद भी उसने न तो पत्नी को कॉल की और न ही घर पहुंचा। पुलिस सूत्रों की मानें तो अनिल ने ही सुबह अनीता की हत्या की और फिर घर में ताला लगाकर चला गया। चूंकि इस बस्ती में दस या 12 ही घर बने हैं तो किसी ने उसे देखा भी नहीं। पुलिस की कर रही थी तैयारी, जान बचाने को जूझी अनीता घटनास्थल पर रखा सामान तितर-बितर था। शव के पास पड़े हंसिया की नोंक भी मुड़ गई थी। लग रहा था कि अनीता ने मरने से पहले काफी संघर्ष किया होगा। वह शरीर से बलिष्ठ थी, पुलिस भर्ती की काफी समय से तैयारी कर रही थी। शुरू में पुलिस को यह दिखाने की कोशिश की गई कि बदमाश आए होंगे, लेकिन घर का सारा सामान मिल गया तो यह आशंका खारिज हो गई। समाचार 149 Share