”सहनाई बदली मातम में” : बेटी की शादी के दो दिन पहले ही पिता ने फंदा लगा कर दी जान
सिरमाैर जिले के नाहन की पंचायत कालाअंब के नागल में उस समय खुशी का माहौल गम में बदल गया, जब एक व्यक्ति ने दो बेटियों की शादी से पहले फंदा लगा जान दे दी। हिमाचल प्रदेश के सिरमाैर जिले के नाहन की पंचायत कालाअंब के नागल में उस समय खुशी का माहौल गम में बदल गया, जब एक व्यक्ति ने दो बेटियों की शादी से पहले फंदा लगा जान दे दी।
मृतक की पहचान यशपाल निवासी गांव नागल, नाहन के रूप में हुई है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि यशपाल की दो बेटियों की शादी दो दिन बाद होनी थी और घर में शादी की तैयारियां चल रहीं थीं। सोमवार रात करीब डेढ़ बजे तक महिला संगीत का कार्यक्रम चल रहा था।
घर में दो बेटियों की एक साथ शादी की खुशी में सभी झूम रहे थे। जैसे ही संगीत कार्यक्रम खत्म हुआ और सभी सोने की तैयारियां करने लगे, तभी किसी ने बेटियों के पिता को फंदे से लटका हुआ पाया। इसके बाद व्यक्ति को तुरंत मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल, आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
कालाअंब पुलिस थाना प्रभारी कुलवंत सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मानसिक तनाव को आत्महत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। बताया जा रहा है कि अब सादे तरीके से शादी की रस्में होंगी।