विधायक उमाशंकर के घर छापा:लखनऊ में पहुंची आयकर टीम; 50 अफसर दस्तावेज खंगाल रहे
लखनऊ में बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के घर पर आयकर विभाग का छापा पड़ा है। बुधवार सुबह 7 बजे 50 से ज्यादा अफसर गाड़ियों से विधायक के गोमती नगर स्थित आवास पहुंचे। लखनऊ पुलिस भी साथ है। आयकर टीम ने विधायक के आवास को घेर लिया है। किसी के भी अंदर या बाहर जाने पर रोक लगा दी गई है। अफसर विधायक के आवास के अंदर फाइलें, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और रिकॉर्ड खंगाल रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग वित्तीय लेन-देन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रहा है। हालांकि, विभाग की ओर से अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
उमाशंकर सिंह बलिया की रसड़ा विधानसभा से मौजूदा विधायक हैं। वह कैंसर से पीड़ित हैं। उनके दो बड़े ऑपरेशन हो चुके हैं। पिछले महीने ही वह अमेरिका से ब्लड चेंज कराकर लौटे हैं। फिलहाल वह लखनऊ स्थित आवास पर आइसोलेशन में रहकर इलाज करा रहे हैं। आयकर विभाग की इस कार्रवाई से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। यूपी में अगले साल विधानसभा चुनाव भी होने हैं।
54 करोड़ के मालिक, 13 करोड़ कर्ज है
गोमती नगर के विपुल खंड में विधायक का आवास और दफ्तर है। 2022 के शपथ पत्र के अनुसार, उमाशंकर सिंह की कुल संपत्ति करीब 54.05 करोड़ रुपये है। इसमें 18.05 करोड़ रुपए चल और 35.99 करोड़ रुपए अचल संपत्ति शामिल है। उन पर 13 करोड़ रुपए का कर्ज भी है। उनकी पत्नी पुष्पा सिंह सीएस इन्फ्रा कंस्ट्रक्शन लिमिटेड की मैनेजिंग डायरेक्टर हैं।
मायावती ने पिछले साल राखी बाधी थीं, तबीयत खराब हुई तो मिलने भी पहुंचीं
उमाशंकर सिंह की बसपा में अहमियत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मायावती ने उन्हें राखी बांधी थी। इतना ही नहीं, 5 मार्च 2025 को उमाशंकर सिंह की तबीयत खराब होने पर मायावती उनसे मिलने के लिए उनके आवास पहुंची थीं। उन्होंने उनका हाल जाना और परिवार के साथ तस्वीर भी खिंचवाई थी।