कनाडा में पढ़ रहे उज्जैन के छात्र की कुचलकर हत्या:कॉलेज इलेक्शन विवाद में हुआ था हमला
इंदौर। प्रदेश के उज्जैन के एक युवक की कनाडा में हत्या का मामला सामने आया है। उच्च शिक्षा के लिए विदेश गए गुरकीरत सिंह मनोचा की शनिवार को हुए हमले में मौत हो गई। इस खबर के सामने आते ही उज्जैन स्थित उनके परिवार और समाज में शोक की लहर दौड़ गई।
विवाद के बाद हमला, अस्पताल में मौत
जानकारी के अनुसार, देवास रोड स्थित पार्श्वनाथ कॉलोनी निवासी गुरकीरत सिंह मनोचा करीब सवा वर्ष पहले पढ़ाई के लिए कनाडा गए थे। वह वहां नॉर्दर्न लाइट्स कॉलेज में बिजनेस मैनेजमेंट के पोस्ट-डिग्री डिप्लोमा प्रोग्राम की पढ़ाई कर रहे थे। शनिवार 14 मार्च को उनका कुछ लोगों से विवाद हो गया, जिसके बाद उन पर हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल गुरकीरत को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
दोस्त ने भाई को दी जानकारी
घटना की जानकारी कनाडा में रह रहे उनके एक मित्र ने फोन पर रायपुर निवासी उनके भाई प्रबकीरत सिंह मनोचा को दी। इसके बाद परिवार को इस दुखद घटना का पता चला और घर में मातम पसर गया।
शोकाकुल स्वजन ने मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव को इसकी जानकारी दी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर मध्य प्रदेश के उच्चाधिकारियों ने दूतावास से सूचना की पुष्टि कराई तो बताया गया कि कनाडा पुलिस द्वारा इस पूरे मामले की जांच की जा रही है।