प्रेम प्रसंग के चलते छात्र-छात्रा की मौत: घर से 500 मीटर दूर मंच से लटके मिले शव; कल शाम से थे गायब
चमोली में मंगलवार सुबह प्रेम प्रसंग के चलते 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्रा ने सुसाइड कर लिया। दोनों देर शाम से गायब थे। ग्राम प्रधान कुंवर लाल ने बताया कि दोनों के शव मेला मैदान के मंच की रेलिंग से लटके मिले। दोनों के शव उनके घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर मिले हैं। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
रातभर ग्रामीण जंगल और गांव-गांव छानते रहे, लेकिन उनका कोई पता नहीं लगा। आज सुबह लोग जब अपने खेत की तरफ जा रहे थे तो उन्होंने दोनों के शव देखे। मृतकों की पहचान सुनील और रिया के रूप में हुई है। सुनील (17) कक्षा 12 में पढ़ता था, जबकि रिया (16) कक्षा 11 की छात्रा थी। सुनील के पिता का नाम कुंवर राम और रिया के पिता का नाम सूरज राम है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे। घटना नंदानगर ब्लॉक के रामणी गांव की है।
ग्रामीणों ने शव देखते ही पुलिस को बुलाया
सुबह ग्रामीणों को मेला मैदान के मंच पर दोनों के शव लटके होने की जानकारी मिली। इसके बाद नंदानगर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। रामणी गांव के ग्राम प्रधान कुंवर लाल ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
वहीं, नंदानगर थाने के सी मनोज भट्ट ने बताया कि मृतकों की पहचान रिया और सुनील के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या और प्रेम प्रसंग का लग रहा है। दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों के बीच अच्छी दोस्ती थी और वे एक-दूसरे के साथ ही स्कूल आते-जाते थे।
दोनों की दोस्ती पर लोग मारते थे ताने
ग्राम प्रधान कुंवर लाल ने बताया कि मृतक सुनील के घर में उसके माता-पिता और एक छोटा भाई, जो अभी स्कूल जाता है। वहीं, रिया के घर में दो भाई और माता-पिता है। दोनों के परिवार वाले खेती बाड़ी कर परिवार का गुजारा करते थे। लोग अक्षर रिया और सुनील को उनकी दोस्ती को लेकर ताने मारते थे, जिसके बाद से दोनों परेशान चल रहे थे।