पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, खड़े ट्रक में घुसी जवान का शव ले जा रही एंबुलेंस; 4 की मौत
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार की सुबह बड़ा हादसा हुआ है। पंचकुला से सेना के एक जवान का शव लेकर देवरिया जा रही एंबुलेंस अचानक बेकाबू हो ग।ई देखते ही देखते यह एंबुलेंस सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक में घुस गई। इस हादसे में एंबुलेंस में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया है।
पुलिस के मुताबिक हादसा हलियापुर थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 79.6 के पास सुबह करीब 8 बजे का है। जानकारी के मुताबिक चंडीगढ़/पंचकूला में शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान सिंह का शव लेकर एंबुलेंस देवरिया जा रही थी। एंबुलेंस में शहीद के परिवार के दो लोगों के अलावा सेना का एक जवान और एंबुलेंस ड्राइवर बैठे थे। टक्कर इतनी भीषण था कि एंबुलेंस में सवार इन चारों लोगों की मौत हुई है।
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस के मुताबिक हादसे में मृत एंबुलेंस चालक की पहचान जसपाल (30) के रूप में हुई है। वहीं दो मृतक साजन सिंह (35) और गौरव सिंह (28) शहीद के परिवार से है। इनके अलावा चौथे मृतक की पहचान सेना के जवान राम समुझ सिंह (40) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह समेत हलियापुर थाना पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस फुल स्पीड में चल रही थी, अचानक ड्राइवर को नींद को झोंका आया और गाड़ी अनियंत्रित हो गई। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तथ्यों के आधार पर दुर्घटना की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है। पुलिस ने घटना की जानकारी शहीद के परिवार वालों के अलावा सेना के जवान और एंबुलेंस चालक के परिजनों को भी दे दी है।
परिवार में मचा कोहराम
शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान सिंह के घर में पहले से ही शोक का माहौल था। परिवार में मातम पसरा था। इसी बीच इस हादसे में परिवार के दो और लोगों की मौत की खबर मिलते ही कोहराम मच गया। आनन फानन में परिवार के लोग शव लेने के लिए सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए है। पुलिस के मुताबिक फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं शहीद के शव को थाने में रखवाया गया है।