यूरिया ओवर रेटिंग का खेल जारी, किसान लुट रहे, प्रशासन की सख्ती के बाद भी नहीं थम रहा डाका
बलरामपुर। जहां एक तरफ जिलाधिकारी व जिला कृषि अधिकारी यूरिया ओवर रेटिंग को लेकर सख्त हैं और शिकायत मिलने पर कार्रवाई भी कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उतरौला तहसील क्षेत्र में नियमों को खुलेआम ठेंगा दिखाया जा रहा है। उतरौला तहसील क्षेत्र के चिरकुटिया में स्थित किसान फर्टिलाइजर के नाम से संचालित खाद की दुकान पर किसानों को 266 रुपये 50 पैसे की जगह 350 रुपये में यूरिया बेचकर डाका डाला जा रहा है। दुकान के प्रोपराइटर रविन्द्र कुमार मौर्य पर नियमों व अधिकारियों के आदेशों की अनदेखी करने का आरोप है। यूरिया ओवर रेटिंग को लेकर जब प्रोपराइटर से बात की गई तो उन्होंने अप्रैल माह का सुखदेव प्रसाद नागरमल तुलसीपुर नामक फर्म पर पैसा भेजने की रसीद दिखाकर एजेंसी मालिक द्वारा 320 रुपये प्रति बोरी यूरिया देने की बात कही।
अब सवाल यह उठता है कि आखिर इन ओवर रेटिंग करने वाले दुकानदारों व एजेंसी मालिक पर प्रशासन कब कार्रवाई करेगा और कब बंद होगा ओवर रेटिंग का खेल। या फिर ये ओवर रेटिंग करने वाले खुलेआम किसानों की जेबों पर डाका डालते रहेंगे और जिम्मेदार कुंभकर्णी नींद में सोते रहेंगे। उपरोक्त प्रकरण को लेकर जब जिला कृषि अधिकारी बलरामपुर से दूरभाष पर संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि जांच कर ओवर रेटिंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी और एफआईआर भी दर्ज करवाई जाएगी। किसानों की मांग – ओवर रेटिंग करने वाली दुकान व एजेंसी की तत्काल जांच हो, दोषियों पर एफआईआर दर्ज हो और किसानों को निर्धारित मूल्य पर यूरिया उपलब्ध कराया जाए।