प्रतापगढ़ में बारात से लौट रही कार हुई हादसे का शिकार, दो ब्लॉक कर्मचारियों की मौत, दो प्रधानों की हालत नाजुक
प्रतापगढ़। विकास खंड बाबा बेलखरनाथ धाम क्षेत्र के वीडीओ सुरेंद्र बहादुर सिंह के बेटे की शादी में शामिल होने गए दो ब्लॉक कर्मचारियों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में एक ग्राम प्रधान और एक प्रधान प्रतिनिधि गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों का उपचार चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
कंधई थाना क्षेत्र के पूरे पांडे गांव निवासी ग्राम प्रधान राजेश कुमार सरोज (50), दिलीपपुर थाना क्षेत्र के खूंझी कला गांव निवासी प्रधान प्रतिनिधि प्रभाकर सिंह (42), ब्लाक कर्मचारी दिलीपपुर थाना क्षेत्र खूंझी कला गांव निवासी सर्वेश कुमार (30) और कंधई के बिबिया करनपुर गांव निवासी राजमणि तिवारी उर्फ राजू तिवारी बुधवार की शाम छह बजे राजेश प्रधान की ब्रेजा कार से कुंडा में शादी में शामिल होने गए थे।
रात 11.20 बजे वापस लौटते समय बाघराय थाना क्षेत्र के छेऊंगा गांव के पास सड़क पर टहल रहे आवारा मवेशी को बचाने में कार असंतुलित हो गई। बेकाबू कार स्कॉर्पियो में टक्कर मारते हुए 15 फीट गड्ढे में जा गिरी। हादसे में राजमणि तिवारी और सर्वेश कुमार की घटनास्थल पर दर्दनाक मौत हो गई और प्रधान प्रतिनिधि तथा ग्राम प्रधान बुरी तरह घायल हो गए।