प्रतापगढ़ में भीषण हादसा के बाद एक ही परिवार से छः लोगों की मौत से चारो तरफ मचा कोहराम, एडीजी व आईजी प्रयागराज भी घटना स्थल पहुँच कर किया निरीक्षण

प्रतापगढ़। कोतवाली नगर के चिलबिला चौकी क्षेत्र के महुली में जर्जर मकान गिरने से एक ही परिवार के 06 व्यक्तियों की दुःखद मृत्यु, एडीजी प्रयागराज जोन व आईजी प्रयागराज रेंज द्वारा डीएम व एसपी प्रतापगढ़ के साथ घटनास्थल का किया गया निरीक्षण, राहत एवं बचाव कार्यों का लिया जायजा, संबंधित को दिये गये आवश्यक निर्देश हैं।
आज दिनांक- 06.08.2026 को रात्रि लगभग 02:00 बजे थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम महुली में प्रमोद श्रीवास्तव पुत्र कामता प्रसाद का जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। घटना की सूचना प्राप्त होते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए राहत एवं बचाव कार्य प्रारम्भ कराया गया।

थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम महुली में इस दुःखद दुर्घटना में प्रमोद श्रीवास्तव (60 वर्ष), रीता श्रीवास्तव (55 वर्ष), नितिन श्रीवास्तव (25 वर्ष), माधुरी श्रीवास्तव (23 वर्ष), माधव श्रीवास्तव (01 वर्ष) एवं अद्विक उर्फ बाबू (10 माह) की मलबे में दबने से मृत्यु हो गई। जबकि अमन श्रीवास्तव पुत्र प्रमोद श्रीवास्तव (28 वर्ष) सुरक्षित बाहर निकल आए एवं सकुशल हैं।
घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन ज्योति नारायण एवं पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज रेंज अजय कुमार मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी प्रतापगढ़ अभिषेक पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर भी मौके पर उपस्थित रहे। जिलाधिकारी द्वारा पीड़ित परिवार को शासन स्तर से अनुमन्य समस्त आर्थिक एवं अन्य आवश्यक सहायता शीघ्र उपलब्ध कराए जाने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

वहीं पुलिस अधीक्षक द्वारा राहत एवं बचाव कार्य, विधिक कार्यवाही एवं समस्त आवश्यक व्यवस्थाओं को संवेदनशीलता, तत्परता एवं पारदर्शिता के साथ संपादित किए जाने के निर्देश दिए गए। दुर्घटना के उपरांत पुलिस एवं प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। सभी मृतकों के शवों को पंचायतनामा की कार्यवाही पूर्ण कर पोस्टमार्टम हेतु जिला चिकित्सालय प्रतापगढ़ स्थित शवगृह भेज दिया गया है।
प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। घटना स्थल पर पुलिस बल पर्याप्त संख्या में मौजूद है। कानून एवं व्यवस्था की स्थिति पूर्णतः सामान्य एवं नियंत्रण में है। प्रतापगढ़ पुलिस शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती है तथा प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराए जाने की कार्यवाही निरंतर की जा रही है।