बर्थडे गर्ल ने युवक को मारी गोली: सड़क पर पार्टी के दौरान मारपीट; छीना झपटी के दौरान चली गोली
गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघड़िया इलाके में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब युवकों के दो गुटों के बीच हुए विवाद के दौरान गोली चल गई। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से एक महिला सहित दो आरोपियों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 5:17 बजे सिंघड़िया स्थित फिजियो केयर सेंटर के पास किसी बात को लेकर दो गुटों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आपस में उलझ गए। इस विवाद में कुल पांच लोग शामिल थे, जिनमें चार युवक और एक युवती थी। आरोप है कि विवाद के दौरान कुछ लोगों ने एक युवक पर ईंट से हमला कर दिया, जबकि मौके पर मौजूद कुछ लोग बीच-बचाव करने का प्रयास कर रहे थे।
इसी दौरान एक युवक ने अचानक पिस्तौल निकाल ली और लोगों को धमकाने लगा। बताया जा रहा है कि उसके हाथ से पिस्तौल लेकर युवती ने अपने पास रख ली। कुछ देर बाद अचानक गोली चल गई, जिससे एक युवक के पेट में गोली लग गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर भगदड़ मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल युवक को तत्काल अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके से युवती को हिरासत में ले लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी को भी पकड़ा गया है। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ कैंट योगेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और पूछताछ शुरू की।
गोली चलने की घटना के समय मौके पर 100 से अधिक लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए मोबाइल फोन और गोली के खोखे की तलाश की। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र की युवती अंशिका सिंह का जन्मदिन था। वह सूबाबाजार खोराबार के युवक विशाल मिश्रा व दो अन्य एक साथ कार से आई थी।
वही घायल अमिताभ निषाद जंगल सिकरी खोराबार अलग कार से आया था। इस दौरान अमिताभ का विशाल से कहासुनी हुई जिसमें छीना झपटी के दौरान आंशिका के हाथ से अमिताभ को गोली लग गयी। सीओ ने बताया कि अंशिका पर खोराबार में पहले से मुकदमा है। साथ ही अंशिका समेत दो हिरासत में है।