यूपी में प्रचंड गर्मी करेगी वापसी,चार से छह डिग्री तक बढ़ेगा पारा,इन जिलों में लू चलने का अलर्ट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बीते कई दिनों के माैसमी उतार चढ़ाव जारी है।अब विक्षोभ का असर कम होते ही यूपी में प्रचंड गर्मी की वापसी होने जा रही है। माैसम विभाग की ओर से अगले पांच दिनों में यूपी में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी का पूर्वानुमान है। माैसम विभाग के मुताबिक रविवार से पूरे प्रदेश में धीरे-धीरे पारे का चढ़ना शुरू होगा।इसके साथ ही मंगलवार से अगले तीन दिन नाै जून से 11 जून के दाैरान उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों के लू की चपेट में आने की आशंका है।
शनिवार को बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में तपिश और तीखी धूप का प्रकोप रहा।वहीं पूर्वांचल और तराई के कुछ जिलों में सुबह बादलों की आवाजाही से साथ तेज हवाएं चलीं। शनिवार को झांसी 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ यूपी का सबसे गर्म शहर रहा। इसके अलावा बांदा,उरई, फतेहपुर और वाराणसी में भी गर्मी का असर तीखा बना रहा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में अब माैसम शुष्क रहेगा और तपिश भरे दिनों की वापसी होगी।
इन जिलों में सर्वाधिक तापमान रहा,झांसी- 42.5 डिग्री सेल्सियस,बांदा- 42.2 डिग्री सेल्सियस,उरई- 41.4 डिग्री सेल्सियस,फतेहपुर- 41.4 डिग्री सेल्सियस और वाराणसी- में 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।