प्रेमी बना कातिल:लापता बीटेक छात्रा की हत्या,जंगल से मिला सिर्फ कंकाल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बक्शी तालाब थाना क्षेत्र में रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है।यहां बीते दिनों से लापता चल रही सीतापुर की रहने वाली 19 साल की एक बीटेक छात्रा की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। छात्रा की हत्या उसके प्रेमी ने की थी।पुलिस ने आरोपी प्रेमी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की,तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।उसकी निशानदेही पर पुलिस ने महिपतपुर के जंगल से छात्रा का शव बरामद कर लिया है।
सीतापुर पुलिस के साथ बीकेटी पुलिस जंगल में पहुंची थी। छात्रा के शव की हालत काफी खराब हो चुकी थी।सिर्फ कंकाल ही बरामद हुआ है।पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक छात्रा के पिता के मुताबिक बेटी कॉलेज गई थी,लेकिन दोपहर तक घर नहीं पहुंची थी।कॉलेज जाकर भी पता किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली थी,इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी।पिता का आरोप है कि उन्होंने 25 मई को पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी,लेकिन पुलिस ने तुरंत सुनवाई नहीं की थी।जब धरने पर बैठे तब जाकर 28 मई को मामला दर्ज करके जांच शुरू की गई।
बीकेटी पुलिस के मुताबिक शव कई दिनों से जंगल में पड़ा था।जानवरों ने उसको काफी हद तक खा लिया था, ऐसे में पहचान करना काफी मुश्किल हो रहा था।लड़की के पिता ने कपड़ों और चप्पलों के आधार पर उसकी पहचान की।बता दें कि इस मामले में अब पुलिस आगे की जांच कर रही है।पुलिस छात्रा के प्रेमी से गहन पूछताछ कर रही है।हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।