आईजी प्रयागराज परिक्षेत्र, अजय कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 की तैयारियों हेतु उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न
प्रतापगढ़। दिनांक: 07 जून 2026 को पुलिस लाइन स्थित सई कॉम्प्लेक्स, प्रतापगढ़ में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की आगामी परीक्षा को जनपद प्रतापगढ़ में अत्यंत शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज पुलिस लाइन स्थित सई कॉम्प्लेक्स में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक (IG), प्रयागराज परिक्षेत्र, अजय कुमार मिश्रा द्वारा की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़, दीपक भूकर विशेष रूप से उपस्थित रहे। यह महत्वपूर्ण परीक्षा जनपद में दिनांक- 08.06.2026 से 10.06.2026 तक आयोजित की जाएगी। प्रशासनिक तैयारियों के अंतर्गत जनपद में कुल 17 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में संपन्न होगी, जिसमें प्रत्येक पाली में 5,808 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।
सुरक्षा एवं सतर्कता: परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के त्रि-स्तरीय प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। केंद्रों के आसपास कड़ी निगरानी रखी जाए और किसी भी बाहरी व्यक्ति का अनावश्यक हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नकलविहीन परीक्षा: परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन और पारदर्शी बनाने हेतु उड़नदस्तों (Flying Squads) को सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की गोपनीयता भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोरतम विधिक कार्यवाही की जाएगी। समन्वय और टीम वर्क: अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय सहित सभी क्षेत्राधिकारीगण, थाना प्रभारियों और जिला नियंत्रण कक्ष के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। पीआरवी 112 एवं अभिसूचना इकाई को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया।
यातायात प्रबंधन: परीक्षार्थियों को समय से केंद्र तक पहुँचने में कोई असुविधा न हो, इसके लिए यातायात विभाग को सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास जाम की स्थिति न बनने देने के निर्देश दिए गए।
संवेदनशीलता: सभी नोडल अधिकारियों और ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने दायित्वों के प्रति पूर्णतः संवेदनशील रहें और किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतें।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशों के अनुपालन हेतु पूरी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस विभाग मिलकर इस परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस उच्चस्तरीय बैठक में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी, परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।