प्रयागराज में एंबुलेंस ने 2 दोस्तों को रौंदा, मौत: एक को 40 मीटर तक घसीट ले गई गाड़ी
प्रयागराज-रीवा हाईवे पर शनिवार शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। एक एम्बुलेंस ने 2 नाबालिग दोस्तों को रौंद दिया। दोनों साइकिल से घर का सामान लेने जा रहे थे। एक लड़का तो एंबुलेंस में फंसकर 40 मीटर दूर तक घिसटता चला गया।
दोनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें एंबुलेंस दोनों को रौंदती हुए दिख रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटना घूरपुर थाना क्षेत्र की है।
अब पढ़िए पूरा मामला…
कांटी गांव में रहने वाले दुर्गा प्रसाद पटेल के 2 बेटे और दो बेटियां थीं। दूसरे नंबर का बेटा रिंकू (15) कक्षा-9 का छात्र था। गांव के ही दारा सिंह पटेल के बेटे शोभित (12) से उसकी गहरी दोस्ती थी। शोभित दो भाई और दो बहनों में सबसे बड़ा था। वह कक्षा 6 में पढ़ता था।
शनिवार शाम 4 बजे शोभित अपनी साइकिल लेकर घर का सामान लेने के लिए निकला। उसके साथ रिंकू भी था। गांव स्थित हाईवे पर दोनों साइकिल से जा रहे थे। तभी तेज स्पीड से प्रयागराज जा रही एंबुलेंस ने दोनों को चपेट में ले लिया। रिंकू पटेल को एंबुलेंस 40 मीटर दूर तक घसीट ले गई। उसकी मौके पर मौत हो गई।
एंबुलेंस ड्राइवर को लोगों पकड़ कर पीटा
घटना में शोभित पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से शोभित को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। उधर, हादसे के बाद भाग रहे एंबुलेंस ड्राइवर को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। इसके बाद उसे जमकर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया।
अब जानिए वीडियो में क्या दिख रहा है…
इस पूरी घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि दो लड़के हाईवे पर साइकिल से जा रहे हैं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार एंबुलेंस आती है। दोनों टक्कर मारती है। दोनों साइकिल समेत एंबुलेंस के बोनट में फंस जाते हैं। इसके बाद एक लड़का वहीं गिर जाता है। जबकि दूसरा लड़का कुछ दूर तक घिसटता चला जाता है।
एक घंटे तक लगा रहा जाम
घटना की सूचना के बाद मौके पर घूरपुर पुलिस पहुंची। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एंबुलेंस ड्राइवर शराब के नशे में धुत था। वह बहुत तेज गति से गाड़ी चला रहा था। वहीं, घटना के बाद रीवा-प्रयागराज मार्ग पर करीब एक घंटे तक गाड़ियों का आवागमन ठप रहा।
घटना की सूचना मिलते ही सहायक पुलिस आयुक्त कौंधियारा अब्दुस सलाम खान, एसीपी बारा निखिता श्रीवास्तव के अलावा थाना कौंधियारा, थाना घूरपुर और थाना बारा की पुलिस मौके पर पहुंची।
स्थानीय लोगों ने कहा- काफी तेज रफ्तार में निकलती है :एंबुलेंस
स्थानीय निवासी महावीर पटेल का आरोप है कि एनएच-30 पर एंबुलेंस समेत भारी और हल्के वाहन तेज रफ्तार से दौड़ते हैं। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लेकिन, प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। लोगों ने सड़क पर स्पीड कंट्रोल, पुलिस गश्त और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की। एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान ने बताया- पुलिस मामले की जांच में जुटी है। एंबुलेंस चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर पुलिस फोर्स तैनात है।