प्रतापगढ़ में 3 किलो गांजा के साथ मां-बेटा गिरफ्तार:ऑपरेशन प्रहार में ऑटो जब्त
प्रतापगढ़ में रविवार को ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पट्टी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 3 किलो 52 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक मां और बेटे को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल किया गया ऑटो भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर पट्टी पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बीबीपुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध ऑटो को रोका। तलाशी के दौरान ऑटो से अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से करन सिंह (20 वर्ष) पुत्र प्रमोद सिंह और उनकी मां मिथलेश सिंह (46 वर्ष) पत्नी प्रमोद सिंह को गिरफ्तार किया। ये दोनों ताला गांव, थाना कंधई, जनपद प्रतापगढ़ के निवासी हैं। बरामद गांजा का वजन 3 किलो 52 ग्राम है। इस मामले में थाना पट्टी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलेन्द्र लाल और क्षेत्राधिकारी पट्टी मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के पर्यवेक्षण में हुई। थाना प्रभारी आनंद पाल सिंह ने टीम का नेतृत्व किया। टीम में निरीक्षक शुभनाथ साहनी, उपनिरीक्षक प्रशांत कटियार, उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह, कांस्टेबल बृजेश यादव, महिला कांस्टेबल कल्पना यादव, कांस्टेबल सतीश कुमार पाल और चालक हेड कांस्टेबल मुकेश त्रिपाठी शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री से संबंधित कोई भी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।