उत्तरप्रदेशसम्भल दिव्यांग की ट्राईसाइकिल बचाने में डंपर से भिड़ा टेंपो; दो बच्चों समेत पांच की गई जान By Pratibha Rajdar Last updated Sep 6, 2026 44 उत्तर प्रदेश के संभल जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। बहजोई थाना इलाके के मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर यह घटना हुई। रविवार सुबह करीब सवा आठ बजे गांव बमनेटा के निकट भीषण टक्कर हुई। दिव्यांग की ट्राईसाइकिल बचाने के प्रयास में सवारियों से भरा टेंपो डंपर से जा भिड़ा। इस हादसे में दो मासूमों सहित पांच लोगों की दुखद मौत हो गई। वहीं, छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों का बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है। पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली है। मृतकों की हुई पहचान हादसे में टेंपो चालक सौदान की मौत हो गई। वह गांव सादातबाड़ी थाना बहजोई का निवासी था। रूवैद (25 वर्ष) निवासी मोहल्ला कुरैशियान थाना बहजोई भी मृतकों में शामिल है। रोहिणी (26 वर्ष) गांव परमानंदपुर थाना फैजगंज बेहटा जिला बदायूं की भी मृत्यु हो गई। मासूम ध्रुव (7 वर्ष) और उसकी तीन माह की बहन आराध्या की भी जान चली गई। ये दोनों गांव मऊ कठैर के निवासी थे। घायलों में मासूमों की मां भावना भी शामिल हैं। पुनीत गांव परमानंदपुर थाना फैजगंज बेहटा के निवासी हैं। रामपाल गांव जरबार थाना धनारी, बिट्टू गांव सेमरी थाना रजपुरा के हैं। प्रशांत गांव मऊ कठैर और ब्रजकिशोर गांव नेहटा थाना बनियाठेर के निवासी हैं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दौड़कर घायलों को टेंपो से बाहर निकाला। थाना बहजोई पुलिस ने घायलों को रोगी वाहन की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। पुलिस अधिकारियों की जांच हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने घटना के बारे में विस्तृत जानकारी ली। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज कुमार रावत भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने घायलों और घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है। दुर्घटना 44 Share