ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाहर निकला सरिया महिला के पेट में घुसा,मौके पर मौत
शाहजहांपुर। गांव बेहटी निवासी संगीत गुप्ता की 25 वर्षीय पत्नी सपना के पेट में लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुर्री चौकी क्षेत्र में टेढ़ी पुलिया के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाहर निकला सरिया घुस गया। उन्हें गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां उनकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, संगीत गुप्ता अपनी पत्नी सपना और दनों बेटों के साथ शनिवार की सुबह बाइक से लखीमपुर खीरी जिले के जंग बहादुरगंज स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। वह लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर रोजा थाना क्षेत्र में पहुंचे। रास्ते में सरिया लदी डबल ट्रॉली को लेकर तेजी से चल रहे चालक ने अचानक ट्रैक्टर को मोड़ दिया।
इससे ट्रॉली पर लदा बाहर निकला सरिया सपना के पेट में घुस गया। हादसे में बाइक सड़क पर गिर गई। बाइक गिरने पर हेलमेट लगाए संगीत कुमार गुप्ता बाल-बाल बच गए। उनके पांच वर्षीय शिवांश और तीन वर्षीय बेटा शिव मामूली रूप से चोटिल हो गए। सपना के पेट से निकल रही खून की धार देख संगीत गुप्ता घबरा गए। ग्रामीणों की मदद से पत्नी को राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर आए। जहां सपना की मौत हो गई। रोजा इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि हादसे में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। शव का पोस्टमॉर्टम करा दिया गया है।
वाहन की टक्कर लगने से वृद्ध महिला की मौत
तिलहर। मोहल्ला इमली निवासी 60 वर्षीय विमला शनिवार शाम मोहल्ला पचासा के पास किसी वाहन की टक्कर लगने से घायल हो गईं। राजकीय मेडिकल काॅलेज में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतका के भाई दिनेश ने बताया कि बहन विमला देवी की शादी बरेली जिले के थाना फरीदपुर क्षेत्र के पचौनी गांव में हुई थी। बहन के कोई बच्चा नहीं था। कई साल पूर्व हुई बहनोई की मौत के बाद से बहन तिलहर के मोहल्ला इमली अपने मायके आकर रहने लगीं थीं। भाई-भतीजे उनका ध्यान रखते थे। शनिवार की शाम बहन गल्ला मंडी सामान की खरीदारी करने के लिए पैदल जा रहीं थी। इसी दौरान मोहल्ला पचासा के पास किसी वाहन की टक्कर लगने से बहन घायल हो गईं। सीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। देर शाम बहन ने दम तोड़ दिया। इंस्पेक्टर जुगल किशोर पाल ने बताया कि अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर शव को पोस्टमॉर्टम भिजवा दिया गया है। वाहन के बारे में पता लगाया जा रहा है।