रैपिड-ट्रेन में गंदी हरकत करने वाले छात्र-छात्रा की सगाई हुई: एक हफ्ते में शादी; लड़की बीसीए, लड़का बी.टेक
गाजियाबाद में नमो भारत रैपिड ट्रेन में गंदी हरकत करने वाले छात्र-छात्रा की इंगेजमेंट (सगाई) करा दी गई। साथ ही शादी की तारीख भी फिक्स कर दी गई। एक सप्ताह में दोनों की शादी कर दी जाएगी।
दोनों एक ही बिरादरी से हैं और बालिग हैं। दोनों गाजियाबाद के बड़े कॉलेजों से पढ़ाई कर रहे हैं। छात्रा एक कॉलेज से बीसीए कर रही, तो छात्र दूसरे कॉलेज से बीटेक (इंजीनियरिंग) कर रहा।
रैपिड ट्रेन का अश्लील वीडियो सामने आने के बाद दोनों के परिवारवालों को शर्मसार होना पड़ा था। इसके बाद से दोनों ने कॉलेज जाना छोड़ दिया था। छात्रा को परिवारवालों ने अपने घर से दूर रिश्तेदार के यहां भेज दिया था।
घर आसपास, परिवार से छिपकर मिलते थे
छात्र और छात्रा गाजियाबाद के रहने वाले हैं। दोनों के गांव भी आसपास ही हैं। 21 साल का छात्र सम्पन्न किसान परिवार से है, जबकि छात्रा भी अच्छे परिवार से है। आसपास रहने के दौरान दोनों के बीच अफेयर हो गया। दोनों अक्सर साथ-साथ घूमने-फिरने भी लगे। परिवारवालों से छिपकर दोनों एक-दूसरे के साथ समय बिताते थे।
इसी बीच, 24 नवंबर, 2025 को दोनों एक साथ रैपिड ट्रेन में सफर कर रहे थे। ट्रेन में भीड़ कम थी, सीटें खाली थीं। मेरठ से मोदीनगर के बीच ट्रेन में ही छात्र-छात्रा अश्लील हरकत करने लगे। इस दौरान ट्रेन में बैठे लोगों ने भी मुंह फेर लिया। किसी ने कुछ नहीं कहा।
लेकिन, छात्र-छात्रा की अश्लील हरकतों का वीडियो ट्रेन के सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गया। बाद में यह सीसीटीवी फुटेज ट्रेन के एक कर्मचारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया था।