दिल्ली के सत्य निकेतन में दर्दनाक हादसा: भरभराकर गिरी 5 मंजिला इमारत, कई लोगों के दबने की आशंका, रेस्क्यू जारी
देश की राजधानी दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिले स्थित सत्य निकेतन इलाके से एक बड़े हादसे की खबर सामने आ रही है। यहां 5 मंजिला इमारत अचानक ढह गई। इमारत के गिरते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और चीख-पुकार मच गई। आशंका जताई जा रही है कि इमारत के मलबे के नीचे कई लोग फंसे हो सकते है। जानकारी के अनुसार, फायर विभाग को रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे सत्य निकेतन में इमारत गिरने की सूचना मिली। कॉल मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और राहत-बचाव दल तुरंत मौके के लिए रवाना हो गए। रेस्क्यू में दमकल की 12 टीम लगी है।
घटनास्थल पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीमें और स्थानीय पुलिस प्रशासन की मदद से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। राहतकर्मी मलबे को हटाने और उसके नीचे फंसे संभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे है। आसपास के लोगों की मदद से भी स्थिति पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। हादसा किस वजह से हुआ और इमारत गिरने के समय उसमें कितने लोग मौजूद थे, इसको लेकर अभी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं हो सकी है। मौके पर एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को भी तैनात कर दिया गया है। मामले में विस्तृत विवरण का इंतजार किया जा रहा है।