मोबाइल का पासवर्ड नहीं बताया, तो गुस्से से हो गया आग बबूला; बड़े भाई की बेरहमी से कर दी हत्या
आगरा के थाना कोतवाली के टीला माईथान क्षेत्र में शुक्रवार देर रात मोबाइल का पासवर्ड नहीं बताने पर छोटे ने बड़े भाई की पीटकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को हिरासत में लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। टीला माईथान निवासी पूनम शर्मा ने बताया कि पति ओमप्रकाश की दिसंबर 2024 में मृत्यु हो चुकी है। वह बाग़ मुजफ्फर खां क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में नर्स हैं। बड़ा बेटा गौरव शर्मा ड्राइवर है। एक बेटा सौरभ मुंबई में फिल्मों में कैमरामैन है। सबसे छोटा आकाश शर्मा भी मुंबई में कैमरामैन और असिस्टेंट डायरेक्टर का काम करता था। सात माह पूर्व वह मुंबई से आगरा आया था और प्राइवेट फोटोग्राफी का काम कर रहा था। शुक्रवार की रात 1 बजे वह अपने मोबाइल से किसी से बात कर रहा था। इस दौरान किसी वजह से उसने बड़े भाई गौरव का मोबाइल लिया और उससे पासवर्ड पूछने लगा।
गौरव ने पासवर्ड बताने से मना किया।इस बात पर दोनों में बहस हुई। उसके बाद आकाश गुस्से में आ गया।उसने अपने दोनों मोबाइल तोड़ दिए।घर के अंदर एलईडी और अन्य सामान तोड़ दिया। गौरव ने विरोध किया तो उसके ऊपर डंडे बरसाए और लात घूंसे से बुरी तरह हमला कर दिया। गौरव बेहोश हो गया पर आकाश उसे मारता रहा। इसके बाद बाहर निकल कर घर का मीटर डंडा मारकर तोड़ दिया। लोगों ने हंगामे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आकाश को हिरासत में लिया। गौरव को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।