‘यूपी में तीसरी बार बनेगी NDA सरकार’, CM योगी और दोनों डिप्टी सीएम से मिले BJP प्रभारी विनोद तावड़े
बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री और यूपी प्रभारी विनोद तावड़े दो दिवसीय यूपी दौरे पर है। रविवार (6 सितंबर) को उन्होंने राजधानी लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ बीजेपी के राष्ट्रीय मंत्री और यूपी के सह-प्रभारी जगदीश ईश्वरभाई पटेल भी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान कई अहम मुद्दों पर बात हुई. 2027 में होने वाले विधानसभी चुनाव से पहले पार्टी की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने को लेकर नेताओं के बीच चर्चा की गई। इसके साथ ही विनोद तावड़े उत्तर प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक से भी मिले।
‘यूपी में तीसरी बार बनेगी NDA सरकार’
विनोद तावड़े ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की तस्वीरें शेयर की है। अपनी पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा ‘यूपी की रफ्तार रहेगी बरकरार, तीसरी बार बनेगी एनडीए सरकार’। उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान संगठन, सरकार एवं चुनाव से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
उत्तर प्रदेश बीजेपी का प्रभारी बनाए गए
हाल ही में विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश बीजेपी का प्रभारी बनाया गया है। यूपी प्रभारी बनने के बाद यह उनका पहला लखनऊ दौरा है। तावड़े 5 सितंबर को दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे थे। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच उनका ये दौरान काफी अहम माना जा रहा है। अपने दौरे के दौरान उन्होंने पार्टी के जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बताया जा रहा है कि तावड़े ने इन बैठकों में संगठन की जमीनी स्थिति और बूथ स्तर की तैयारियों का फीडबैक लिया।
खराब प्रदर्शन वाली सीटों पर फोकस
पार्टी सूत्रों का कहना है कि संगठन के स्तर पर विनोद तावड़े का ध्यान 4Cs यानी कोऑर्डिनेशन (समन्वय), कैडर (कार्यकर्ता), कास्ट (जाति) और कैंडिडेटचर (उम्मीदवारी) पर होगा। इसमें उन करीब 100 विधानसभा क्षेत्रों पर खास ध्यान दिया जाएगा जहां बीजेपी का प्रदर्शन 2024 के लोकसभा चुनावों में खराब रहा था।