पटना में RJD नेता की हत्या, बाइक सवार अपराधियों ने 6 गोलियां मारीं
बिहार की राजधानी पटना में मर्डर की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही है। अपराधियों ने एक बार फिर कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र के मुन्नाचक इलाके में हुई, जहां बदमाशों ने राजद नेता राजकुमार राय उर्फ अल्ला राय को गोलियों से भून दिया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बुधवार देर रात राजकुमार राय अपने चारपहिया वाहन से लौट रहे थे। इसी दौरान वे घर के पास एक गली में स्थित होटल से खाने का सामान खरीदने के लिए रुके।तभी पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार दो अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। राजकुमार को 6 गोलियां मारी गई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए।
राघोपुर से विधानसभा चुनाव लड़ने की थी तैयारी
मृतक राजकुमार राय मूल रूप से वैशाली जिले के राघोपुर के निवासी थे, लेकिन फिलहाल मुन्नाचक इलाके में रहते थे। वे लंबे समय से राजनीति से जुड़े थे और राजद से जुड़े थे। वे राघोपुर से विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। यहां राजनीतिक रूप से काफी सक्रिय।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हत्या की खबर मिलते ही चित्रगुप्त नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।वहीं इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने राजद नेता ने हत्या को अपराधियों का मनोबल बढ़ने का नतीजा बताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।