बेटे ने बेची पुश्तैनी जमीन तो घर में मचा बवाल:मां-पत्नी और बच्चों ने खाया जहर; 3 की मौत
बिहार के वैशाली जिले में पुश्तैनी जमीन बेचने को लेकर हुए विवाद के बाद एक ही परिवार के चार सदस्यों ने जहर खा लिया। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 साल की एक बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना गोरौल थाना क्षेत्र के प्रेमराज गांव की है.मृतकों की पहचान 55 वर्षीय निर्मला देवी, 35 वर्षीय सीमा देवी और 12 वर्षीय मुन्ना कुमार के रूप में हुई है। वहीं, 15 वर्षीय ऋषिका की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलने के बाद गोरौल थाने की पुलिस और आसपास के थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची।
पुश्तैनी जमीन बेचने को लेकर घर में चल रहा था विवाद
जानकारी के मुताबिक, पिता श्यामनंदन सिंह की मौत के बाद उनका इकलौता बेटा राहुल लगातार पुश्तैनी जमीन बेच रहा था। परिवार के दूसरे सदस्य इसका विरोध कर रहे थे। इसी बात को लेकर घर में विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि शनिवार को राहुल ने अपनी एक और जमीन बेच दी। इसकी जानकारी जब उसकी पत्नी सीमा देवी को हुई तो वह रजिस्ट्री ऑफिस पहुंची और जमीन की रजिस्ट्री की नकल निकलवाई। इसके बाद उसने राहुल से जमीन बेचने को लेकर सवाल किया और इसका विरोध किया। आरोप है कि इस बात पर राहुल ने अपनी मां निर्मला देवी और पत्नी सीमा देवी के साथ मारपीट की. इसके बाद वह घर से चला गया। परिवार में पहले से चल रहे तनाव के बीच शनिवार रात जहरीला पदार्थ खाने की घटना हुई।
मां-पत्नी ने खुद भी खाया जहर, बच्चों को भी खिलाने का आरोप
राहुल की मां और पत्नी ने कथित तौर पर खुद भी जहरीला पदार्थ खा लिया और बच्चों को भी जहर दे दिया. इसके बाद चारों की तबीयत बिगड़ने लगी। घटना की जानकारी मिलने पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
परिवार के चार सदस्यों की हालत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान निर्मला देवी, सीमा देवी और 12 वर्षीय मुन्ना कुमार की मौत हो गई। 15 वर्षीय ऋषिका की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस और FSL टीम ने शुरू की जांच
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर फैलते ही प्रेमराज गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए. सूचना मिलने पर गोरौल थाने की पुलिस के साथ आसपास के थानों की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी।
गोरौल थानाध्यक्ष सुनील कुमार के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला जहरीला पदार्थ खाने से मौत का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची. टीम ने वहां से साक्ष्य जुटाए और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि परिवार के चारों सदस्यों ने किन परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाया। साथ ही जमीन विवाद और राहुल के साथ हुए विवाद से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।