रांग नंबर…प्यार और कत्ल: अंजान कॉल से शुरू हुई प्रेम कहानी, इस कारण प्रेमिका को मार डाला; दो साल बाद खुलासा
हरदोई में रांग नंबर लगा, फिर दिल लगा। इसके बाद शादीशुदा महिला प्रेमी के साथ दिल्ली चली गई। विवाद के बाद महिला प्रेमी के साथ गांव आ गई। यहां प्रेमी ने पिता और भाई के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या कर शव को कुएं में डाल दिया। दो साल बाद अब हत्याकांड का खुलासा हुआ है। कुएं से महिला का कंकाल मिला है। यूपी के हरदोई जिले में रॉन्ग नंबर से शुरू हुई प्रेम कहानी का खौफनाक अंत हुआ। युवक ने प्रेमिका को मार डाला। दो साल बाद शादीशुदा प्रेमिका का कंकाल मिला है। पुलिस ने आरोपी युवक के पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी की तलाश की जा रही है। दो साल पहले हुए इस हत्याकांड का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा किया।

प्रेमी के भाई व पिता को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर महिला का कंकाल कुएं से बरामद किया। पुलिस प्रेमी की तलाश कर रही है। संडीला के सरॉय मारूफपुर निवासी गंगाराम ने छह अगस्त 2023 को संडीला कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि उसकी बहू सोनम बाजार गई थी और वापस नहीं आई। पुलिस ने अज्ञात पर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। दो साल के दौरान छह विवेचक बदले लेकिन जांच आगे नहीं बढ़ी।एएसपी पूर्वी नृपेंद्र के मुताबिक सीओ संडीला संतोष सिंह को 12 जून को इस मामले की जांच के निर्देश दिए गए। सोनम के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल निकलवाई गई। इससे मिले सुरागों के आधार पर माधौगंज थाना क्षेत्र के जेहदीपुर निवासी मसीदुल के मोबाइल की भी डिटेल निकलवाई गई। अहम सुराग मिलने पर मंगलवार को मसीदुल के भाई समीदुल और पिता अयूब को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
माहौल खराब होने की बात पर हुआ विवाद
अयूब व समीदुल को लेकर पुलिस मौके पर पहुंची। कुएं से सोनम का कंकाल बरामद हुआ। सोनम के कपड़े, सैंडल और हेयर क्लिप मिली। पति शशिचंद्र ने कपड़ों से सोनम की शिनाख्त की। एएसपी ने बताया कि समीदुल और उसके पिता अयूब को गिरफ्तार किया गया है। मसीदुल को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दो साल में बदले छह विवेचक
अपहरण की आशंका जताते हुए गंगाराम ने संडीला कोतवाली में मामला दर्ज कराया था। मामले की विवेचना दो साल में छह विवेचकों ने की लेकिन किसी को कोई खास सुराग नहीं मिला। यह भी कहा जा सकता है कि विवेचकों ने बहुत गंभीरता से घटना की विवेचना नहीं की। ज्यादातर विवेचक मानते रहे कि महिला अपनी मर्जी से किसी के साथ गई है और अब तक शादी कर साथ रहने लगी होगी। विवेचना पूरी न होने के कारण पुरानी लंबित विवेचनाओं की सूची में यह मामला टॉप टेन में आ गया तो सीओ संतोष सिंह को विवेचना सौंपी गई। अंततः घटना का खुलासा हो गया।
रांग नंबर लगा था, फिर दिल लगा और हो गई हत्या
पुलिस से जुड़े विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि मसीदुल कहीं फोन कर रहा था। गलती से सोनम का नंबर लग गया। रांग नंबर होने की बात सामने आने पर मामला खत्म हो गया। इसके बाद कभी मसीदुल तो कभी समीदुल सोनम को फोन करने लगे। रांग नंबर से शुरू हुई बात में सोनम का दिल दोनों भाइयों से लग गया। इसके बाद सोनम मसीदुल के साथ गई और अब दो साल बाद उसका कंकाल मिला है।
कंकाल निकालने से पहले निकलवाना पड़ा अजगर
ग्रामीणों के मुताबिक, जेहदीपुर के जिस कुएं में शव डाला गया था वह घनी झाड़ियों के बीच है। उस तरफ अजगर समेत कई जहरीले सांपों के होने की चर्चाओं के कारण ग्रामीण उधर नहीं जाते हैं। मंगलवार को बरसात के दौरान जब पुलिस अयूब और समीदुल को लेकर गांव पहुंची तो ग्रामीणों ने भी पहले कुएं की तरफ जाने से इन्कार कर दिया। फिर पुलिस को जाता देख बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।कुएं में उतरकर कंकाल निकालने की तैयारी हो रही थी लेकिन तभी कुएं में अजगर नजर आ गया। इस पर वन विभाग की टीम को बुलाया गया। टीम ने अजगर पकड़ लिया। इसके बाद यहां से पुलिस कर्मियों ने कंकाल बरामद किए।