दिल दहलाने वाली वारदात: तीन बच्चों का पिता ने गला घोंटा, फिर की खुदकुशी,मरने से पहले वीडियो
फरीदाबाद के धौज थाना इलाके के नेकपुर गांव में तीन बच्चों का 32 साल के कर्मवीर ने गला घोंट दिया। तीनों को मरा समझकर कर्मवीर ने खुद भी फंदे से लटक आत्महत्या कर ली। शुक्रवार अल-सुबह लगभग 5 बजे परिवार के अन्य लोगों ने सभी को देखा तो 8 साल के निशांत व 6 साल की सृष्टि की सांसे चल रही थी। उन्हें तुरंत गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, कर्मवीर और 10 साल की छवि की मौत के चलते उनके शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया। वहीं, इलाज के दौरान सृष्टि की भी मौत हो गई है। बच्चों का गला घोंटने और खुद आत्महत्या करने से पहले कर्मवीर ने वीडियो बनाई जिसमें पत्नी, उसकी बहनों व भाई को जिम्मेदार ठहराया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि कर्मवीर का अपनी पत्नी चंचल से विवाद चल रहा था। शुरुआती जांच में पता चला है कि घरेलू कलह के चलते उसने ये कदम उठाया। मृतक की पत्नी चंचल से संपर्क करने का प्रयास टीम कर रही है। परिवार के बयान लेकर आगे कार्रवाई की जाएगी।