उत्तरप्रदेशबहराइच पति बना हैवान: पत्नी की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या,चारपाई के नीचे गड्ढा खोद दबाई लाश, हकीकत सुन कांप गए लोग By Pratibha Rajdar Last updated Oct 19, 2025 15 यूपी के बहराइच में शराबी पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या करके लाश को घर में ही चारपाई के नीचे गड्ढा खोदकर दबा दिया। 11 दिन बाद मामले का खुलासा हुआ तो सबके होश उड़ गए। मायके के लोगों के शक जताने पर पुलिस ने खोदाई करके शव बरामद किया। इस बीच आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने का मुकदमा दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना जरवलरोड थाना क्षेत्र के अहाता गांव की है। गांव निवासी रामधीरज ने बताया कि उनकी बहन फूला देवी (45) की शादी करीब 25 वर्ष पहले गांव के ही हरिकिशन के साथ हुई थी। शुरू में सब कुछ ठीक था, लेकिन धीरे-धीरे हरिकिशन को शराब की लत लग गई। वह नशे में अक्सर बहन से मारपीट करता था। फूला के छह बच्चों में से दो बेटियों की शादी हो चुकी है। एक बेटा लखनऊ में मजदूरी करता है। तीन बच्चे अभी छोटे हैं। नशा करके आए दिन करता था झगड़ा फूला के परिजनों के मुताबिक, हरिकिशन की शराब की लत बढ़ गई थी। वह पूरे दिन नशे में धुत रहता और घर में झगड़ा करता था। इसकी वजह से दो छोटे बच्चे ननिहाल में रहने लगे। 6 अक्तूबर से फूला अचानक घर से गायब हो गईं। जब दो दिन तक कोई पता नहीं चला तो भाई रामधीरज ने हरिकिशन से पूछा। उसने टालमटोल करते हुए कहा कि वह कहीं चली गई है। भाभी कमरे में गई तो खुला राज पुलिस के मुताबिक, परिजनों ने छह अक्तूबर को ही जरवलरोड थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लगातार 10 दिन तक खोजबीन के बाद भी फूला देवी का कोई पता नहीं चला। शुक्रवार को मायके के लोग हरिकिशन के घर पहुंचे और उससे सख्ती से पूछताछ की, लेकिन वह कुछ नहीं बोला। इस बीच, रामधीरज की भाभी विमला कमरे में गईं तो उन्होंने चारपाई के नीचे मिट्टी का नया लेपन देखा। नजदीक से देखने पर जमीन में हल्की दरारें भी दिखाई दीं। शक गहराने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंचती उससे पहले ही हरिकिशन फरार हो गया। बिना कपड़ों के दफनाई गई थी लाश थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे की खोदाई करवाई। पहले फूला देवी की टूटी हुई चूड़ियां मिलीं, फिर पायल और अंत में करीब दो फीट नीचे दफन लाश मिली। शव बिना कपड़ों के था। शरीर पर कई जगह चोट के गहरे निशान थे। पुलिस को शक है कि महिला की हत्या बेरहमी से पिटाई कर की गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घर को सील करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आरोपी हरिकिशन की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं। मृतका के भाई की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने का मुकदमा दर्ज किया गया है। समाचार 15 Share