कैबिनेट ने दी मंजूर: 33 वार्डों में बिछेेगी 562 किमी पाइपलाइन, 20 लाख लोगों को मिलेगा शुद्ध पानी
जल निगम के सहायक अभियंता राहुल तिवारी ने बताया कि पूरब और पश्चिम क्षेत्र के 33 वार्डों में शुद्ध पेयजल लाइनों को बिछाने के लिए परियोजना को कैबिनेट से स्वीकृति मिल गई है। अब बजट आने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। कानपुर में जल निगम पूरब और दक्षिण क्षेत्र के 33 वार्डों में 562 किमी पाइपलाइन बिछाएगा ताकि लोगों को शुद्ध पानी मुहैया हो सके। 63152 कनेक्शन दिए जाएंगे।
10 टंकियों और नौ जलाशयों का निर्माण होगा। 20 लाख से ज्यादा लोगों को राहत मिल सकेगी। इस परियोजना को कैबिनेट की बैठक में हरी झंडी दे दी गई है। जल निगम टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद काम शुरू कराएगा। इस काम को दो साल के अंदर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। शहरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जवाहरलाल नेहरू नेशनल अर्बन रिन्यूवल मिशन (जेएनएनयूआरएम) के तहत 18 साल पहले लाइनों को बिछाया गया था, लेकिन तमाम जगहों पर लाइनों को अधूरा छोड़ दिया गया था।
कई जगहों पर तो पाइपलाइन ही नहीं पड़े हैं। घटिया गुणवत्ता की लाइन होने की वजह से आए दिन लीकेज हो रहे हैं। ऐसे में लोगों तक शुद्ध पेयजल नहीं पहुंच पा रहा है। यह समस्या पूरब और दक्षिण क्षेत्र में ज्यादा है। इसको देखते हुए अटल नवीकरण और शहर रूपांतरण मिशन 2.0 (अमृत योजना 2.0) योजना के तहत पाइपलाइन विस्तार के लिए जलनिगम ने 316.68 करोड़ रुपये का खाका तैयार किया था।