इकलौते बेटे ने सिलबट्टे से कूचकर मां-पिता को मार डालाःलाश बोरे में भरकर नदी में फेंकी
जौनपुर में इकलौते बेटे ने अपने मां-पिता की हत्या कर दी। उसने सिलबट्टे से सिर कूच दिया। फिर शवों को बोरे में भरा और कार से ले जाकर गोमती नदी में फेंक दिया। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया। घटना बीते आठ दिसंबर की है। घटना के चार दिन बाद 12 दिसंबर को जब बेटी को शक हुआ तो उसने मां-बाप और भाई के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने सोमवार सुबह आरोपी को खोज निकाला। उससे पूछताछ की गई। शुरुआत में वह बहाने बनाता रहा। कड़ाई से पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। हालांकि अभी माता-पिता की लाश नहीं मिली है। मामला जफराबाद थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव का है।
जानिए पूरा मामला
पिता रिटायर्ड लोको पायलट। अहमदपुर गांव के रहने वाले श्याम बहादुर रिटायर्ड लोको पायलट थे। वह पत्नी बबीता देवी के साथ रहते थे। श्याम बहादुर के एक बेटा अम्बेश और एक बेटी वंदना हैं। अम्बेश ने 5 साल पहले कोलकाता की रहने वाली एक लड़की से लव मैरिज कर ली थी और वहीं रहने लगा था। जबकि वंदना की शादी बनारस में हुई है। अम्बेश दो महीने पहले ही कोलकाता से अपने घर आया था।
पिता श्याम बहादुर और मां, बेटे अम्बेश की लव मैरिज के खिलाफ थे। इसकी वजह से वह अपने मां-बाप दोनों से नाराज था। 8 दिसंबर को इसी बात को लेकर अम्बेश का अपने पिता श्याम बहादुर और मां बबीता देवी से झगड़ा हो गया। उसने घर में रखे सिलबट्टे से ही पिता के सिर पर वार कर दिया और बीच-बचाव करने आई मां को भी बेरहमी से मार दिया। इसके बाद उसने दोनों के शवों को बोरे में भरा और कार से ले जाकर गोमती नदीं में फेंक दिया। घटना के बाद अम्बेश फरार हो गया। अम्बेश की बहन वंदना ने जब अगले दिन अपने मां-बाप से बात करने के लिए फोन किया तो उनका फोन नहीं लगा। इसके बाद उसने अपने भाई को फोन किया। अम्बेश ने अपनी बहन का फोन नहीं उठाया। इसके कई चार दिनों की तलाश के बाद वंदना ने अपने माता-पिता और भाई के लापता होने की रिपोर्ट लिखाई।
आरोपी बेटे ने मां-बाप की हत्या कबूल की
इसके बाद पुलिस ने तीनों की तलाश के लिए टीम बनाईं और तलाश शुरू की। सोमवार सुबह पुलिस को अम्बेश अपने घर के पास से मिला। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई और वहां उससे पूछताछ की। आरोपी अम्बेश ने कड़ी पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा करते हुए मां-बाप की हत्या कबूल कर ली।
बोरे में भरकर गोमती नदी में फेंका शव
एएसपी सिटी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि आठ दिसंबर की रात आरोपी की उसकी माता-पिता से लड़ाई हो गई थी। उस दौरान उसने अपने माता-पिता के सिर पर सिलबट्टे से हमला कर दोनों की हत्या कर दी। इसके बाद शवों को ठिकाने लगाने के लिए उसने बोरे में भरकर गोमती नदी में फेंक दिया। आरोपी अम्बेश की निशानदेही पर शवों की तलाश की जा रही है।