लखनऊ में सिपाही के मकान में 15 लाख की चोरीः मकान में ताला लगाकर ड्यूटी पर था निकला व पत्नी बच्चों के साथ गई थी मायके
लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र स्थित आम्रपाली बरावन खुर्द कॉलोनी में एक कांस्टेबल के बंद मकान में शुक्रवार देर रात चोरी हो गई। चोरों ने घर से करीब 13 लाख रुपए के जेवरात और नकदी चुरा ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित कांस्टेबल धर्मेंद्र रावत आम्रपाली बरावन खुर्द कॉलोनी में किराए के मकान में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात लगभग 7:30 बजे वह ड्यूटी के लिए घर में ताला लगाकर निकले थे। उस समय उनकी पत्नी और बच्चे गांव गए हुए थे, जिससे मकान खाली था।
कीमती सामान चोरी कर लिया
देर रात करीब 1:30 बजे के बाद अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर लगभग 13 लाख रुपए के जेवरात और 2 लाख रुपए नकद समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।
सुबह चोरी की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें बाइक सवार कुछ संदिग्ध युवक कैद हुए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पीड़ित ने दुबग्गा थाने पर तहरीर दी है।