महिला ऑटो ड्राइवर के हत्यारे का हाफ एनकाउंटर शादी की सालगिरह की रात किया था कत्ल, मुठभेड़ में पैर में लगी गोली
झांसी की पहली महिला ऑटो चालक अनीता चौधरी की सनसनीखेज हत्या के मुख्य आरोपी और एक्स बॉयफ्रेंड मुकेश झा को पुलिस ने देर रात हाफ एनकाउंटर में दबोच लिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुकेश झा ने प्यार में धोखा मिलने का बदला लेने के लिए अनीता चौधरी की हत्या की थी। यह वारदात अनीता की शादी की सालगिरह की रात को अंजाम दी गई थी, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया था।

क्या है पूरा हत्या मामला?
मामला 4/5 जनवरी 2026 की रात का है। झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत सकुंवा ढुकवां कॉलोनी के पास सड़क किनारे अनीता चौधरी (40) का शव खून से लथपथ मिला था। पास ही उनका ऑटो पलटा हुआ पड़ा था। शुरुआत में घटना को सड़क हादसा माना गया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गोली लगने की पुष्टि हुई, जिसके बाद हत्या का खुलासा हुआ।nअनीता के पति की तहरीर पर पुलिस ने मुकेश झा, शिवम झा और मनोज झा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। जांच में सामने आया कि अनीता और मुकेश के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध थे, जिसे अनीता ने कुछ समय पहले समाप्त कर दिया था।
हादसा दिखाने की रची गई साजिश
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुकेश ने पहले अनीता को गोली मारी और फिर हत्या को दुर्घटना दिखाने के लिए उनका ऑटो पलट दिया। इस मामले में शिवम और मनोज झा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी मुकेश फरार चल रहा था। उसकी इग्निस कार अगले दिन बेतवा नदी पुल पर खड़ी मिली थी, जिससे उसके फरार होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने उस पर इनाम भी घोषित किया था।
कैसे हुआ एनकाउंटर?
शुक्रवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि मुकेश झा भगवंतपुरा मार्ग से करगुवां जाने वाले कच्चे रास्ते पर मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लग गई। घायल अवस्था में उसे पहले जिला अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में मुकेश ने अनीता की हत्या की बात स्वीकार कर ली है।