झारखंड की राजधानी रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार (होटवार जेल) एक बार फिर गंभीर विवादों के घेरे में आ गया है। जेल में बंद रहे एक 20 वर्षीय विचाराधीन कैदी के साथ मारपीट करने, जबरन नशीला पदार्थ पिलाने और तीन बार सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार (कुकर्म) करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में पीड़ित युवक के पिता ने रांची के खेलगांव थाने में लिखित शिकायत देकर जेल अधीक्षक, वार्ड प्रभारी, मेडिकल ऑफिसर और एक दर्जन से अधिक कैदियों समेत कुल 19 लोगों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कराई है। मामला सामने आते ही पुलिस और जेल महकमे में हड़कंप मच गया है।
रांची के रातू थाना क्षेत्र निवासी पीड़ित के पिता ने गुरुवार को खेलगांव थाने में दिए आवेदन में बताया कि उनका 20 वर्षीय बेटा एक मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में होटवार जेल में बंद था, जिसे रांची की अदालत ने 12 जून 2026 को बरी कर दिया था। जेल से रिहा होने के बाद युवक मानसिक रूप से बेहद परेशान और अवसाद में रहने लगा था, जिस कारण परिजन उस समय पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करा सके। जब युवक की मानसिक स्थिति कुछ सामान्य हुई, तब उसने परिजनों को जेल के भीतर बिताए खौफनाक दिनों की आपबीती सुनाई।
तीन पर्वों पर जबरन साड़ी पहनाकर किया सामूहिक कुकर्म
पीड़ित के अनुसार, जेल के अंदर तीन अलग-अलग अवसरों- शिवरात्रि, रामनवमी और सरहुल के दौरान कैदियों ने उसे जबरन साड़ी पहनाकर महिला के रूप में तैयार किया और नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किया। इस हैवानियत के कारण युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसे अत्यधिक रक्तस्राव (ब्लीडिंग) हुआ। पीड़ित ने इसकी शिकायत वार्ड प्रभारी से भी की थी, लेकिन जेल प्रशासन की ओर से उसे कोई मदद या इलाज नहीं मिला।