बिहार के शिवहर जिले के पिपराही थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां थाना क्षेत्र के एक गांव में एक पिता पर अपनी 17 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी पिता ने दो-दो शादी कर रखी है। पहली पत्नी की बेटी के साथ उसने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पीड़ित लड़की की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
साली से की थी दूसरी शादी
बताया जा रहा है कि शादी के बाद आरोपी की पहली पत्नी ने इस लड़की को जन्म दिया था। कुछ समय बाद पारिवारिक विवाद के चलते पिता ने पत्नी को घर से निकाल दिया और अपनी साली से दूसरी शादी कर ली, जिससे तीन बेटे और एक बेटी हुईं। पहली पत्नी ने भी दूसरी शादी की और लड़की अपनी मां के साथ रहने लगी। मां के परदेस जाने के बाद लड़की ननिहाल में रह रही थी। चार महीने पहले पिता उसे अपने साथ ले आया।
हाल ही में घरेलू विवाद के बाद सौतेली मां बच्चों के साथ चली गई, जिसके बाद पिता और बेटी घर पर अकेले रह रहे थे। इसी दौरान पिता ने बेटी को घर में बंधक बना लिया। उसे बाहर नहीं निकलने दे रहा था। बाद में डायल 112 पुलिस ने उसे पिता के चंगुल से छुड़ाया। जब लड़की ने महिला थाने पर पूरी कहानी बताई तो पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस ने लड़की का बयान दर्ज किया और मेडिकल जांच कराई।
एसडीपीओ सुशील कुमार ने दी जानकारी
एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि आरोपी पिता की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है। पीड़ित लड़की को सुरक्षा और सहायता प्रदान की जा रही है। वहीं इस घटना से स्थानीय लोगों में गुस्सा है। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। एसपी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि मामले में महिला थाने में प्राथमिक दर्ज की गई है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।