बुलंदशहर हादसे में अब तक 11 की मौत; गोगामेड़ी के लिए खुशी-खुशी विदा करने वाले गांव पर टूटा दुखों का पहाड़, गांव की सड़कों और गलियों में सन्नाटा पसर गया
कासगंज। बुलंदशहर में हुए सड़क हादसे में कासगंज जिले रफातपुर गांव के 11 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। दुर्घटना में 50 लोग घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है. हादसे की सूचना मिलते ही गांव में चीत्कार गूंजने लगी। मृतकों के परिजनों की चीख से पूरा गांव दहल उठा। गांव की सड़कों और गलियों में सन्नाटा पसर गया। पूरे गांव में मातम का माहौल हो गया। घटना की सूचना पर जिले के आलाधिकारी भी गांव पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
कासगंज जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतक परिवार को 2-2 लाख रुपए और घायलों को इलाज के लिए 50-50 हजार रुपए देने की घोषणा की गई है। तीन प्रशासनिक अधिकारियों की टीम बुलंदशहर भेजी गई है। वहीं पुलिस अधीक्षक जल्द ही सभी थानाध्यक्षों के साथ बैठक करके ट्रैक्टर ट्रॉली से यात्रा पर सख्त प्रतिबंध लगाएंगे।प्रशासन पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध करा रहा है। सोमवार सुबह गांव रफातपुर में खबर मिलते ही गांव में हाहाकार मच गया। हादसे की सूचना पर एसडीएम संजीव कुमार, तहसीलदार, सोरों कोतवाल जगदीश चंद्र पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे।
प्रतिवर्ष गांव के लोग दर्शन करने जाते हैं।
कासगंज जिले के रफातपुर गांव के लोग हर साल राजस्थान के जाहरवीर गोगाजी का दर्शन करने जाते हैं। इस साल भी 24 अगस्त (रविवार) गांव रफातपुर बसंत नगर मिलकनिया से 60 श्रद्वालु शाम 7 बजे गांव के ही प्रमोद के ट्रैक्टर में सवार होकर गोगाजी दर्शन के लिए निकले थे। वह लोग बुलंदशहर पहुंचे थे, कि पीछे से आ रहे बेकाबू कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 60 लोग घायल हैं। मृतक की दादी जानकी ने बताया कि मेरी बहु और नाती की मौत हो गई है। वह लोग जहारवीर दर्शन करने जा रहे थे। वहीं मां मुन्नी देवी ने कहा कि मेरा बेटा नहीं रहा, उसकी दो बेटियां हैं, इनकी देखभाल कौन करेगा। गांव की महिलाओं का भी रो-रोकर बुरा हाल रहा।
ट्रैक्टर ट्रॉली यात्रा पर लगे प्रतिबंध।
ग्राम प्रधान के भाई सत्य प्रकाश ने बताया कि यह घटना बहुत दुखद है। ऐसे में शासन प्रशासन को मदद करनी चाहिए। प्रशासन को ट्रैक्टर ट्रॉली में सफर करने पर भी प्रतिबंध लगाना चाहिए। अगर प्रतिबंध होता तो श्रद्धालुओं की जान नहीं जाती।भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष कुलदीप प्रतिहार भी गांव पहुंचे और हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा मृतकों के परिजनों और घायलों को सहायता राशि की घोषणा की गई है। प्रतिबंध के बाबजूद ग्रामीण जागरूकता के अभाव में ट्रैक्टर ट्राली में यात्रा कर रहे हैं।