वोटिंग में लखीसराय-बेगूसराय सबसे आगे, 121 सीटों पर 27.65 फीसदी वोटिंग हुई पूरी
आज बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान हो रहा है। राबड़ी देवी ने वोट डालने के बाद तेजस्वी यादव और तेज प्रताप दोनों को आर्शिवाद दिया है। अब तक 121 सीटों पर 27.65 फीसदी वोटिंग हो चुकी है।
मतदान का फोटो लेते धराया युवक
वैशाली जिले के महुआ विधानसभा में एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह मतदान कक्ष में घुसकर ईवीएम की फोटो ले रहा था। इसी बीच मतदान कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। फौरन पुलिस को इस मामले की जानकारी दी। पुलिस ने आरोप युवक को पकड़ लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।
पवन सिंह विकास के नाम पर वोट करने की अपील की
भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और पावर स्टार पवन सिंह ने आज सुबह अपने पैतृक गांव बड़हरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जोकहरी पहुंचकर मतदान किया। वे सुरक्षा व समर्थकों के बीच मतदान केंद्र पर पहुंचे और बूथ संख्या 152 पर जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद उन्होंने लोगों से लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील की। पवन सिंह ने कहा कि वोट सिर्फ एक अधिकार नहीं, बल्कि भविष्य निर्माण की सबसे मजबूत ताकत है। उन्होंने कहा कि हर मतदाता को विकास, शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और क्षेत्र की बेहतरी को ध्यान में रखते हुए वोट करने की अपील की। मतदान के बाद पवन सिंह की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और प्रशंसक भी उमड़ पड़े। पवन सिंह ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय जोकहरी में वोट किया।
वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने किया मतदान
विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी ने कुशेश्वरस्थान विधानसभा प्राथमिक विद्यालय खेवा पर बने मतदान केंद्र ने अपने परिवार के साथ मतदान किया। उन्होंने सभी लोगों से मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपका एक वोट नए बिहार के सपने को साकार करने में मील का पत्थर से साबित होगा।
रोहिणी बोलीं- बढ़ चढ़कर करें मतदान
राजद नेत्री रोहिणी आचार्य ने बिहार की जागरूक जनता से अपील की है कि राज्य के बदलाव के लिए महागठबंधन/इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में बढ़-चढ़कर मतदान करें। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और न्याय की दिशा में कदम बढ़ाने के लिए तेजस्वी यादव के नेतृत्व में “पढ़ाई, दवाई, कमाई, सुनवाई और कार्रवाई” के संकल्प वाली सरकार का आना जरूरी है। रोहिणी ने कहा कि जनता की एकजुटता ही बिहार को नई दिशा और नई रोशनी दे सकती है, इसलिए हर मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाए।
सुबह 11 बजे तक कहां-कितना हुआ मतदान
पहले चरण की 121 विधानसभा सीटों पर सुबह 11 बजे तक 27.65 प्रतिशत मतदान हुआ। बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 के पहले चरण में छह नवंबर को सुबह 11 बजे तक कुल औसत मतदान प्रतिशत 27.65% दर्ज किया गया। मधेपुरा में 28.46%, सहरसा में 29.68%, दरभंगा में 26.07%, मुजफ्फरपुर में 29.66%, गोपालगंज में 30.04%, सीवान में 27.09%, सारण में 28.52%, वैशाली में 28.67%, समस्तीपुर में 27.92%, बेगूसराय में 30.37%, खगड़िया में 28.96%, मुंगेर में 26.68%, लखीसराय में 30.32%, शेखपुरा में 26.04%, नालंदा में 26.86%, पटना में 23.71%, भोजपुर में 26.76% तथा बक्सर में 28.02% मतदान दर्ज किया गया। इनमें बेगूसराय में सर्वाधिक और पटना में सबसे कम मतदान हुआ।
मुंगेर में राजद प्रत्याशी ने लगाया बड़ा आरोप
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रथम चरण में तारापुर विधानसभा क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान जारी रहा। महागठबंधन समर्थित राजद प्रत्याशी अरुण शाह ने असरगंज प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय गोपी स्थित बूथ संख्या 61 पर वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए प्रत्याशी के कार्यकर्ता उनके समर्थकों और मतदाताओं को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं। अरुण शाह ने कहा कि उनके कार्यकर्ता किसी भी दबाव में नहीं झुकेंगे और लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार है। तारापुर सीट पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और अरुण शाह के बीच कड़ा मुकाबला है। सुरक्षा के लिए प्रशासन सतर्क है।
मंत्री श्रवण कुमार ने किया एनडीए की जीत का दावा
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने किया मतदान
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने मतदान किया। पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार की जनता बड़े उत्साह के साथ मतदान कर रही है। बड़ी संख्या में महिलाओं, माताओं और बहनों का मतदान करना इस बात का संकेत है कि हवा किस तरफ बह रही है और यह NDA सरकार द्वारा किए गए कार्यों और बिहार के विकास का नतीजा है। जनता प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार की जोड़ी पर भरोसा करती है।
दरभंगा में धरना पर बैठ गए जनसुराज के प्रत्याशी आरके मिश्रा।
दरभंगा में जनसुराज प्रत्याशी आरके मिश्रा नगर थाना में धरना पर बैठे हुए हैं। पूर्व आईजी आरके मिश्रा अपनी पत्नी के साथ नगर थाना मे धरना पर बैठ गए हैं। भाजपा विधायक के खिलाफ वह विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पांच साल तक इन्होंने जनता का कोई काम नहीं किया। एक भी विकास कार्य नहीं हुआ है। इसलिए मुझे ऐसा कदम उठाना पड़ा।