बच्ची से गैंगरेप के बाद हत्या, तीसरी मंजिल से फेंका:आरोपियों का एनकाउंटर, पुलिस ने पैर में गोली मारी
यूपी के बुलंदशहर में 6 साल की बच्ची के साथ दो युवकों ने गैंगरेप किया। फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी, तभी आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने कमरे में ले गए। बारी-बारी से रेप किया।
पकड़े जाने के डर से बच्ची को जान से मारकर लाश तीन मंजिला मकान की छत से नीचे फेंककर फरार हो गए। हालांकि, उन्हें ऐसा करते एक पड़ोसी ने देख लिया। उन्होंने पिता और पुलिस को सूचना दी। बच्ची को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों की तहरीर पर आरोपियों पर केस दर्ज किया गया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू की और घटना के महज साढ़े 6 घंटे में ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को एनकाउंटर में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के पैर में गोली मारी। घटना जिला मुख्यालय से करीब 28 किलोमीटर दूर थाना क्षेत्र सिकंदराबाद के इंडस्ट्रियल एरिया की है।
पहले सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला समझ लीजिए…
- बच्ची का परिवार मूलरूप से फिरोजाबाद का रहने वाला है। बच्ची के पिता 10 महीने पहले सिकंदराबाद आए थे। यहां एक फैक्ट्री में काम करते हैं। 2 महीने पहले एक मकान में शिफ्ट हुए। दोनों आरोपी राजू और वीरू भी एक फैक्ट्री में काम करते हैं। सभी एक ही तीन मंजिला बिल्डिंग में किराए पर आमने-सामने के कमरे में रहते हैं।
- पिता ने बताया- शुक्रवार को वे ऑफिस गए हुए थे। पत्नी घर में खाना बना रही थी। 6 साल की बेटी शाम में घर के बाहर अकेले खेल रही थी। तभी शाम करीब 7 बजे पड़ोस के कमरे में रहने वाले राजू और वीरू आए। दोनों बच्ची को उठा ले गए और जोर-जबरदस्ती करने लगे।
- बच्ची ने चिल्लाने की कोशिश की तो तकिए से मुंह दबा दिया। बच्ची दर्द से कराहती रही। प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोट के कारण पूरे बिस्तर पर खून फैल गया। आरोपियों ने इतना जोर से बच्ची का गला दबाया कि उसके गले की हड्डी टूट गई। इसके बाद दोनों शव को बिल्डिंग के पीछे खेत में फेंककर फरार हो गए।
अब जानिए कैसे आरोपियों का गुनाह सामने आया
आरोपी जब लाश को छत से फेंक रहे थे तो मृतक के पिता के दोस्त ने उन्हें देख लिया। वो भी पास में ही रहते हैं। उन्होंने तुरंत बच्ची के पिता को फोन कर कहा- जल्दी घर आ जाओ, तुम्हारी बेटी को दो लड़कों ने छत से फेंक दिया है। उन्होंने ने ही पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। शनिवार तड़के 3 बजे बच्ची का पोस्टमॉर्टम हुआ। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की मानें तो बच्ची के गले की हड्डी टूटने के साथ, शरीर में मल्टीपल फ्रैक्चर हैं। जगह-जगह खरोंच के निशान हैं। बच्ची का प्राइवेट पार्ट बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया है।