पोस्टर विवाद से गरमाई सियासत, मंत्री के बैनर पर कालिख पोत लिखा गद्दार
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में इन दिनों पोस्टर विवाद देखने को मिल रहा है। बीते दिन प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के समर्थकों की तरफ से बैनर पोस्टर लगाए गए थे। इन पोस्टरों में राहुल गांधी को लेकर विवादित बातें लिखी गई थी। हालांकि इन पोस्टर और बैनर के कारण उस वक्त माहौल गरमा गया जब अराजक तत्वों बैनरों और पोस्टरों पर कालिख पोत दी। बैनरों में मंत्री के चेहरे पर कालिख लगाकर उन्हें गद्दार लिख दिया। इसके कारण सियासी सरगर्मी तेज हो चली है।
रायबरेली शहर में एक दिन पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर भड़काऊ पोस्टर लगाए गए थे। इनके जरिए सवाल किया गया था कि गद्दार कौन है? इसके साथ ही नकली गांधी श्री राहुल गांधी जैसे विवादित शब्द लिखे गए थे। मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने यही पोस्टर अपने फेसबुक अकाउंट पर भी साझा किया था। मंत्री की तरफ से पोस्टर शेयर किए जाने के बाद शहर के अलग-अलग इलाकों में ऐसे पोस्टर और बैनर बड़ी संख्या में लगाए गए, जिससे राजनीतिक विवाद और गहरा गया।
रात में पोती गई बैनरों पर कालिख
शहर में लगे हुए इन पोस्टरों को कुछ अराजक तत्वों निशाना बना लिया। आरोप है कि रात के समय कुछ लोगों ने मंत्री के बैनरों पर कालिख पोत दी और उनके चेहरे के पास गद्दार लिख दिया। सुबह जब लोगों ने यह देखा तो मामला तुरंत सुर्खियों में आ गया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टरों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पोस्टरों पर कालिख किसने पोती और इसके पीछे किसका हाथ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रायबरेली में पिछले दो दिनों से पोस्टरों को लेकर राजनीतिक माहौल काफी तनावपूर्ण बना हुआ है। पहले राहुल गांधी को लेकर लगाए गए पोस्टर और अब मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के बैनरों पर कालिख पोते जाने से शहर का माहौल और खराब हो गया है।