दोस्त संग पकड़ी गई पत्नी, पति ने मंदिर में करा दी दोनों की शादी
बिहार के रोहतास जिले से अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां पंचायत ने एक शादीशुदा महिला की शादी उसके प्रेमी से करा दी। महिला का प्रेमी, उसके ही पति का दोस्त है। शादी मंदिर में हुई। तब महिला का पति भी मौजूद था। अब इस अनोखी शादी के चर्चे हो रहे है। लोग इस शादी को दोस्ती का भरोसा और शादी जैसे पवित्र बंधन को चुनौती मान रहे है।
मिली खबर के अनुसार जिले के नटवार इलाके का एक युवक दिल्ली में रहता था। युवक के बगल के ही मकान में उसका दोस्त भी किराए के मकान में रहता था। दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी और दोनों एक दूसरे के घर आते- जाते भी रहते थे। घर आने जाने के क्रम में ही युवक का संपर्क अपने दोस्त की पत्नी के साथ बन गया। धीरे-धीरे यह संपर्क प्रेम में बदल गया।
गांव पहुंच गया था प्रेमी
बताया जा रहा है कि शुरू में इन दोनों की फोन पर बातचीत शुरू हुई और फिर दोनों एक दूसरे के करीब आ गए। होली में युवक अपनी पत्नी के साथ अपने गांव आया हुआ था और इसके बाद किसी काम के सिलसिले में गुजरात चला गया। इधर पति के बाहर जाने के बाद महिला भी अपने मायके आ गई थी। इसी दौरान दिल्ली से उसका प्रेमी भी उससे मिलने गांव में पहुंच गया। इस दौरान दोनों की लगातार मुलाकात होती रही।
कैसे खुला राज?
गुरुवार की देर रात मामला तब बिगड़ गया, जब प्रेमी महिला से मिलने उसके घर पहुंचा। इसी दौरान घर वालों ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ और देखते ही देखते लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। महिला के पति व परिजनों ने युवक की पिटाई भी कर दी। मामला आगे बढ़ा तो उसी वक्त गांव में पंचायत बुलाई गई। रात भर पंचायत चली और दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत भी की गई।
हनुमान मंदिर में कराई गई शादी
पंचायत के दौरान इस मामले को सुलझाने की पूरी कोशिश की गई, लेकिन महिला और उसका प्रेमी दोनों एक साथ रहने की बात पर अडिग रहे। इसके बाद पंचायत के फैसले और पति की सहमति के बाद इन दोनों की शादी शुक्रवार की सुबह दिनारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास स्थित हनुमान मंदिर में कराई गई। इस दौरान दोनों ने भगवान को साक्षी मानकर एक दूसरे को मरमाला पहनाया और उसके बाद विवाह के रस्में पूरी की।
शादी में पति भी रहा मौजूद
खास बात यह रही कि प्रेमी से महिला की शादी के दौरान उसका पहला पति भी मौजूद रहा। पंचायत ने पति की सहमति से ही महिला की दूसरी शादी उसके प्रेमी से कराई। पंचायत ने यह भी फैसला दिया कि महिला का एक 4 वर्षीय बालक भी है, जो शादी के बाद अपने मां के साथ ही रहेगा। वहीं मिली जानकारी के अनुसार महिला की शादी जून 2021 में हुई थी और दोनों का एक बच्चा है। शादी के बाद से ही पति, पत्नी दिल्ली में रहते थे और वहीं पर महिला का प्रेमी भी बगल के मकान में रहता था। अब इस बहुचर्चित शादी की हर तरफ चर्चा हो रही है और लोग दोस्ती के भरोसेमंद रिश्ते को शर्मसार करने वाली इस शादी को लेकर के कई तरह की बातें कर रहे है।